|
भोपाल. बजरिया पुलिस ने एक किशोरी की शिकायत पर तीन युवकों के खिलाफ अपहरण और ज्यादती का प्रकरण दर्ज किया है। आरोपी एक हफ्ते पहले किशोरी को बहला फुसलाकर ले गए थे। पुलिस के मुताबिक नवीं कक्षा में पढ़ने वाली पंद्रह वर्षीय छात्रा एक हफ्ते पहले लापता हो गई थी। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज की थी।
शनिवार को छात्रा अपने परिजनों के साथ थाने पहुंची और रोहित, संजय और राकेश के खिलाफ अपहरण और ज्यादती की शिकायत की। आरोपी डरा धमकाकर उसके साथ पहले भी ज्यादती कर रहे थे।
बताया गया है कि छात्रा के पड़ोस में रहने वाले रोहित और संजय उसे बहला-फुसलाकर रेलवे स्टेशन ले गए थे, जहां राकेश उनका इंतजार कर रहा था। राकेश उसे लेकर होशंगाबाद गया और उसके साथ ज्यादती की। शनिवार को राकेश छात्रा को हबीबगंज स्टेशन छोड़कर चला गया था। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पति और सास के खिलाफ प्रकरण दर्ज
शंकराचार्य नगर में तीन दिन पहले पति संतोष शाक्य और सास सावित्री देवी की दहेज प्रताड़ना से दुखी होकर रजनी ने केरोसिन डालकर आग लगा ली थी। पुलिस ने जांच के बाद पति और सास के खिलाफ दहेज प्रताड़ना और आत्महत्या के लिए प्रेरित करने का प्रकरण दर्ज किया है।
करंट से किशोर की मौत
दामखेड़ा बी सेक्टर निवासी रामभरोसे का दस वर्षीय बेटा संतोष शनिवार को घर की छत पर खेल रहा था। इस दौरान छत पर खुले पड़े बिजली के तारों से उसे करंट लग गया। अस्पताल में डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
ट्रेन में बेहोशी की हालत में मिला यात्री
जीआरपी ने रविवार रात भोपाल रेलवे स्टेशन पर आई मंगला एक्सप्रेस से एक यात्री को बेहोशी की हालत में उतारा गया। जिसे हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस को सूचना मिली कि ट्रेन के एसी थर्ड कोच से एक यात्री बेहोश पड़ा है। मिले दस्तावेजों में यात्री का नाम नरेंद्रम बताया जा रहा है। घटना का खुलासा यात्री के होश में आने के बाद होगा।