चेन्नई.पहले रामसेतु के मुद्दे पर अपने बयान से निशाने पर आए तमिलनाडु के मुख्यमंत्री अब कविता पर विवादों में फंस गए हैं। लिट्टे के राजनीतिक प्रमुख एसपी थमिलसेल्वम की मौत पर उन्होंने एक कविता पढ़कर श्रद्धांजलि दी थी। यह बात कई दलों को नागवार गुजरी है।
जनता पार्टी के अध्यक्ष सुब्रह्माण्यम स्वामी ने एक बयान जारी कर कहा कि करुणानिधि ने मुख्यमंत्री के पद की गरिमा का उल्लंघन करके संविधान की अवहेलना की है। लिट्टे देश ही नहीं दुनिया का घोषित आतंकवादी संगठन है। स्वामी ने डीएमके सरकार को बर्खास्त करने की मांग की।
इससे पहले जयललिता ने कहा कि करुणानिधि ने प्रतिबंधित संगठन का समर्थन करके संविधान का उल्लंघन किया है। उन्होंने केंद्र सरकार से मांग की कि डीएमके सरकार को तुरंत बर्खास्त कर दिया जाए। इस बीच, करुणानिधि ने डीएमके के मुखपत्र मुरासोली में एक कॉलम लिखकर सफाई दी है। उन्होंने कहा कि श्रीलंका में जो व्यक्ति मारा गया, वह तमिल था। जैसे मेरी रगों में तमिल खून दौड़ रहा है, वैसा ही उसकी रगों में भी था। इसीलिए मैंने उसे श्रद्धांजलि दी थी।