पटना. बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोमवार को कहा कि जनता दल यूनाइटेड के राष्ट्रीय नेता मिलकर तय करेंगे कि पार्टी के विधायक अनंत सिंह पर क्या अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाए।
नीतीश ने जनता दरबार कार्यक्रम के बाद बताया कि एक महिला के साथ कथित बलात्कार व हत्या और पत्रकारों पर हमले के मामले में हाल में गिरफ्तार किए गए विधायक अनंत सिंह के बारे में पार्टी के अध्यक्ष शरद यादव को सूचित कर दिया गया है और उन्होंने अनुशासनात्मक कार्रवाई किए जाने की बात कही है।
एक नवंबर को पत्रकारों पर हमले के बाद न्यायिक हिरासत में भेजे गए अनंत सिंह के बारे में नीतीश ने यह भी कहा कि एक मुख्यमंत्री होने के नाते वे यही कह सकते हैं कि उनके लिए कानून से ऊपर कुछ नहीं है और उनकी सरकार कानून सम्मत निर्णय लेगी।