नई दिल्ली. पाकिस्तान में इमरजेंसी के हालात के चलते जेहादियों द्वारा सीमा पार कर भारत आने जैसी सूचनाओं के कारण गृह मंत्रालय ने पाक के साथ सीमा साझा करने वाले राज्यों को सावधान और सतर्क रहने के लिए कहा है।
गृह मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि भारत और पाकिस्तान के 3323 किमी लंबे बॉर्डर को साझा करने वाले राज्यों को आदेश जारी कर दिए गए हैं कि वे अलर्ट रहें और अतिरिक्त निगरानी रखें। पाकिस्तान में शनिवार को इमरजेंसी के बाद बीएसएफ को भी जम्मू व कश्मीर, पंजाब, राजस्थान और गुजरात सीमा पर तगड़ी सुरक्षा व्यवस्था के निर्देश दिए गए हैं।
सूत्रों ने बताया है कि पाकिस्तान के ताजा हालात के मद्देनज वहां जेहादियों को डर है कि उन पर कड़ी कार्रवाई की जा सकती है इसलिए वे शरण पाने के लिए सीमा पार कर भारत आ सकते हैं। उधर, बीएसएफ ने भारत-पाक सीमा पर अपने सैनिकों को हाई अलर्ट से सूचित करा दिया है और जेहादियों की घुसपैठ रोकने के लिए सख्त कदम उठाने को कह दिया है।
इसके अलावा बताया गया है कि पड़ोसी मुल्क में हालात बदलने पर पैरामिल्रिटी सुरक्षा कर्मचारियों को स्टैंडर्ड ऑपरेशन प्रोसीजर के हिस्से के रूप में तुरंत उचित कार्रवाई करने के लिए भी निर्देशित कर दिया गया है।