Vaama
Fashion N Beauty Fashion N Beauty चारों तरफ रोशनी के पर्व दीपावली की धूम है । इस पर्व को और ज्यादा खुशनुमा बनाने के लिए भला डिजाइनर रितु कुमार क्यों पीछे रहें। रितु ने भी एक बार फिर अपनी
रचनात्मक प्रतिभा का परिचय दिया है। नतीजतन इस दीपावली पर फैशन परस्त लोग उनके नए क्रिएशन का लुत्फ उठा सकते हैं।
दीपावली पर महिलाओं के लिए उन्होंने खास लहंगे तैयार किए हैं, जिनमें महीन एंब्रायडरी का काम दिल मोहने की ताकत रखता है। यही नहीं दीपावली के साथ-साथ उन्होंने आने वाले विवाह सीजन का भी खास ख्याल रखा है और दुल्हनों के लिए एक से बढ़कर एक ब्राइडल वियर्स तैयार किए हैं। रितु ने अपने कलेक्शन में चीन के फ्रब्रिक का
उपयोग किया है। रितु के लिए दीपावली का यह त्योहार दोहरी खुशी की सौगात लेकर आया है। कारण, वे अपने बेटे अश्विन की फिल्म ‘द फॉरेस्ट’ के लिए भी डिजाइनिंग कर रही हैं।
गौरतलब है कि रितु कुमार, निर्देशक दीपा मेहता की रिश्तेदार भी हैं और दीपा की फिल्म ‘हॉलीवुड-बॉलीवुड’ के लिए भी उन्होंने काम किया है। रितु का कहना है कि न्यूयॉर्क में आयोजित इंडिया@60 में शिरकत करना उनके लिए बहुत ही बढ़िया अनुभव रहा।
वे कहती हैं कि वहां लोगों ने उनके पारंपरिक परिधानों को बहुत सराहा, जो उनके लिए बेहद सुकून की बात है। खासतौर पर वहां उनके चिकन वर्क को खूब पसंद किया गया। उन्होंने सभी को अपनी ओर से दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई है कि लोग उनके फेस्टिवल डिजाइंस को जरूर पसंद करेंगे।