Breaking News 
bhaskar Web English


HomeNewsChhattisgarhRaipur Raipur

नक्सलियों को बारूद सप्लाई करने वाला बंदी

भानुप्रतापपुर. महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ के नक्सलियों को पिछले कई सालों से विस्फोटक सप्लाई करने के आरोप में संबलपुर गांव के लोहा व्यापारी बंशीलाल सोनी को महाराष्ट्र पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मंगलवार को मारे गए छापे में उसके घर से 80 किलो से ज्यादा सल्फर और शोरा जब्त किया गया, जिससे विस्फोटक तैयार किए जाते थे। पुलिस के जांच अधिकारी को 3 लाख 20 हजार रुपए रिश्वत देने गए बंशीलाल के भाई समेत तीन लोगों को एंटी करप्शन ब्यूरो ने बुधवार को गढ़चिरौली में राशि समेत गिरफ्तार कर लिया।

कांकेर जिले का एक बड़ा हिस्सा महाराष्ट्र से सटा है। कांकेर एसपी वीके चौबे ने बताया कि गढ़चिरौली पुलिस ने कुछ दिनों पहले बांदे (कांकेर जिला) के इरपानार गांव में रहने वाले सपन राय को गिरफ्तार किया था। नक्सलियों को विस्फोटक सप्लाई करता था। उससे हुई पूछताछ में बंशीलाल सोनी (45) का नाम सामने आया। भानुप्रतापपुर से करीब 3 किमी दूर संबलपुर गांव में सोनी की करणी लोहा भंडार नाम से हार्डवेयर की दुकान है। मुखबिरों से जानकारी जुटाने के बाद महाराष्ट्र की पुलिस ने स्थानीय पुलिस की मदद से मंगलवार दोपहर 1 बजे सोनी के घर छापा मारा।

श्री चौबे ने बताया कि सोनी के घर से 40 किलो पोटेशियम नाइट्रेट (शोरा) और 40 किलो सल्फर (गंधक) जब्त किया। सही अनुपात में इनका मिश्रण खतरनाक विस्फोटक बन जाता है। पुलिस का दावा है कि सोनी ने स्वीकार किया है कि वह पिछले कई सालों से नक्सलियों को विस्फोटक सप्लाई कर रहा था। सपन दास उसके पास से विस्फोटक खरीदकर नक्सलियों तक पहुंचाता था। सोनी को गिरफ्तार कर गढ़चिरौली पुलिस अपने साथ ले गई।

बुधवार को बंशीलाल का भाई राजेश सोनी गांव के ही दो लोगों शांतिलाल चोपड़ा और क्षितिज चोपड़ा को लेकर गढ़चिरौली गया। वहां इन तीनों ने पुलिस अफसरों को बंशीलाल को छोड़ने की एवज में 3 लाख 20 हजार रुपए रिश्वत देने की पेशकश की। इसी बीच पुलिस ने एंटी करप्शन ब्यूरो को खबर कर दी। एसीबी की टीम ने पुलिस के जांच अधिकारी को रिश्वत देने के आरोप में तीनों को रंगेहाथों पकड़ लिया। नगदी राशि जब्त कर एसीबी ने इनको गिरफ्तार कर लिया। कांकेर पुलिस भी इस पूरे मामले की अपने स्तर पर जांच कर रही है।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: