|
Manoranjan
Cinema
Bollywood Bollywood
लगता है पूर्व मिस वर्ल्ड और फिल्म अभिनेत्री ऐश्वर्या राय बच्चन अब दांपत्य जीवन में पूरी तरह रच-बस गईं है। पिछले ही दिनों उन्होंने पूरे विधि-विधान के साथ करवा चौैथ का व्रत रख चांद देखने के बाद ही पति अभिषेक के हाथ से पहला निवाला खाया था।
वहीं अब खबर है कि ऐश्वर्या बिलकुल पारंपरिक बहू की तरह बच्चन परिवार के घर ‘प्रतीक्षा’ और ‘जलसा’ बंगलों को रंगोली से सजाने में लग गई हैं। बच्चन परिवार से जुड़े सूत्रों के मुताबिक ऐश्वर्या को रंगोली बनाने का बहुत शौक है और वे काफी अच्छी रंगोली बना लेती हैं। ऐश्वर्या बचपन में रंगोली सजाती रही हैं, लेकिन बाद में व्यस्तता के चलते उन्हें अपने हाथों से रंगोली सजाने का मौका नहीं मिला। चूंकि ससुराल में उनकी यह पहली दीवाली है, इस वजह से वे दोनों बंगलों में खुद रंगोली बनाना चाहती हैं।
बच्चन परिवार भी अभिषेक और ऐश्वर्या की शादी के बाद पहली दीवाली को यादगार बनाने मे कोई कोर-कसर बाकी नहीं रखना चाहता। इसी वजह से पूरा परिवार एक साथ मुंबई में ही दीवाली मनाएगा। सूत्रों ने बताया कि हालांकि अमिताभ की मां तेजी इस वक्त अस्पताल में है इसलिए दीवाली सादगी से ही मनाई जाएगी। दीवाली के दिन अमिताभ, ऐश्वर्या, अभिषेक और जया उनसे मिलकल आशीर्वाद लेने के लिए अस्पताल जाने वाले हैं। इस शुभ अवसर पर बच्चन परिवार गरीब परिवारों को मिठाइयां और फल भी वितरित करेगा।