|
Manoranjan
Cinema
Bollywood Bollywood
निर्देशक अनुराग कश्यप अभय देओल को मॉडर्न देवदास के रूप में पेश करने जा रहे थे, लेकिन फिल्म के निर्माता द्वारा इस प्रोजेक्ट से हाथ खींचने से अनुराग की यह फिल्म डिब्बे में बंद हो गई है। गौरतलब है कि अनुराग कश्यप ने कुछ महीने पहले ‘देव डी’ नाम से एक फिल्म की घोषणा की थी, जिसमें वह अभय देओल को देवदास बनाने वाले थे। इस फिल्म का निर्माण अंबिका हिंदुजा करने वाली थीं। अब अंबिका हिंदुजा ने इस फिल्म को न बनाने का निर्णय लिया है।
अनुराग की पिछली रिलीज फिल्म ‘नो स्मोकिंग’ पर बॉलीवुड की नजरें थीं। इसके बॉक्स ऑफिस पर पिटने से अनुराग का ग्राफ नीचे आ गया है। ‘नो स्मोकिंग’ का ऐसा हश्र देख अंबिका हिंदुजा ने ‘देव डी’ पर दांव न लगाना ही उचित समझा। अंबिका हिंदुजा से बात करने पर उन्होंने ‘देव डी’ का निर्माण बंद करने की पुष्टि करते हुए कहा कि हमने यह फिल्म बंद कर दी है, लेकिन इसका ‘नो स्मोकिंग’ के पिटने से कोई लेना-देना नहीं है।
हमने ‘देव डी’ का निर्माण न करने का निर्णय ‘नो स्मोकिंग’ की रिलीज से पहले ही लिया था, क्योंकि हम एक समय में एक ही फिल्म पर ध्यान देना चाहते हैं। हम इस वक्त लीना यादव के निर्देशन में ‘तीन पत्ती’ का निर्माण कर रहे हैं और पहले इसे पूरा करना चाहते हैं।