|
न्यूयार्क. अरबपति जार्ज सोरोस ने अमेरिका में जबर्दस्त आर्थिक करेक्शन की भविष्यवाणी की है। दुनिया में मुद्रा बाजार के खिलाड़ी जार्ज सोरोस ने न्यूयार्क
यूनिवर्सिटी में एक व्याख्यान में कहा कि अमेरिका में हम भयानक मात्रा में कर्ज ले चुके हैं और अब भुगतान का वक्त आ रहा है। आतंक के खिलाफ लड़ाई ने अमेरिका को पटरी से उतार दिया है।
मंदी की आशंकाओं के बारे में सोरोस ने कहा कि निश्चित रूप से हम मंदी की दिशा में जा रहे हैं और यह पूर्व के मुकाबले ज्यादा बड़ी मंदी होगी। बैंक ऑफ इंग्लैंड पर सटोरिया हमला करने वाले सोरोस ने यह बताने से इनकार कर दिया कि अब कौन सी मुद्रा सबसे ज्यादा जोखिम में है। सोरोस ने कहा कि वह जानते हैं कि मुद्राएं किस दिशा में जा रही हैं, लेकिन वह इस बारे में कुछ नहीं कहेंगे।
सोरोस के साथ 1970 में क्वांटम फंड शुरू करने वाले जिम रोजर्स ने पिछले सप्ताह डॉलर और अमेरिका के हाउसिंग शेयर बेचने की सिफारिश की थी। सोरोस की राय में चीन आर्थिक नजरिये से विजेता है और अगले कई वर्षो तक वह इसी तरह बढ़ता रहेगा। दस साल बाद आप वहां भी वित्तीय संकट देखेंगे।
सोरोस के निहितार्थ
* मुद्रा बाजार के खिलाड़ी जार्ज सोरोस की बात का अर्थ है कि अमेरिका में मंदी निश्चित है। इसलिए बड़े निवेशकों का धन भारत और चीन जैसी अर्थव्यवस्थाओं में लगेगा।
* अमेरिका में भयावह स्तर तक कर्ज लेने का मतलब है कि अब डिफाल्टरों की संख्या तेजी से बढ़ सकती है। सब प्राइम संकट का असर भविष्य में ज्यादा दिखाई दे सकता है।