bhaskar Web English
HomeNewsMetrosBhopal Bhopal

भोपाल में 90 करोड़ की खरीदारी

भोपाल. धनतेरस पर पूरा शहर बाजारों में उमड़ पड़ा। शाम को स्थिति यह थी कि नए पुराने शहर व उपनगरों के बाजारों में पांव रखने के लिए भी जगह नहीं थी। आटोमोबाइल और इलेक्ट्रानिक्स सामानों के लिए तो लोगों ने पहले से बुकिंग करा रखी थी। कई बड़ी दुकानों पर स्टाक खत्म हो गया। एक अनुमान के अनुसार बुधवार को लगभग 90 करोड़ रुपए का व्यवसाय हुआ।

बदलती जीवनशैली के साथ धनतेरस पर होने वाली खरीदारी की प्रवृत्ति भी बदली है। लोग अब वाहन, कम्प्यूटर या जरूरत का अन्य इलेक्ट्रानिक सामान खरीदना पसंद करते हैं। बर्तन दुकानों पर भी पीतल या तांबे के बर्तनों की बजाय आधुनिक डिजायनर कुकवेयर की मांग अधिक देखी गई।

इंदौर, अहमदाबाद और मथुरा के सिक्के: धनतेरस के अवसर पर सबसे ज्यादा बिक्री सोने और चांदी के सिक्कों की हुई। सराफा व्यवसायियों ने इस साल आभूषणों के साथ इंदौर, मथुरा और अहमदाबाद से सोने-चांदी के सिक्के मंगवाए थे। दस ग्राम चांदी का सिक्का बाजार में 210 रुपए, 20 ग्राम का 421 रुपए और सौ ग्राम चांदी का सिक्का 2100 रुपए में बिका। इस बार हीरे की खरीदारी भी जम कर हुई।

डिजायनर कुकवेयर की मांग: धनतेरस पर बर्तन दुकानों पर सबसे ज्यादा भीड़ देखी गई। लोगों ने पारंपरिक बर्तनों के अलावा डिजायनर और नान स्टिक कुकवेयर भी बड़ी मात्रा में खरीदे। सिल्वर टच बर्तनों की नई डिजाइन के कुकवेयर भी काफी बिके। दर्वेश बर्तन भंडार के अशोक तेजवानी औैर जैकी तेजवानी ने बताया पूजा के बर्तनों में भी नई और आकर्षक डिजायन पेश की गई है। बर्तन बाजार में डेढ़ से दो करोड़ का कारोबार हुआ।

कम्प्यूटर और इलेक्ट्रानिक सामान धनतेरस के शुभ मुहूर्त में कम्प्यूटर और एलसीडी टीवी सहित अन्य इलेक्ट्रानिक सामानों की जम कर बिक्री हुई। कम्प्यूटर और इलेक्ट्रानिक सामानों के डिलरों ने इस अवसर पर डिस्काउंट और गिफ्ट की अलग-अलग योजनाएं भी पेश कीं। व्यापारियों के अनुसार अधिकतर लोगों ने धनतेरस पर डिलेवरी के लिए पहले से बुकिंग करा रखी थी।

बिक्री से वाहन डीलर भी हैरान वाहनों की बिक्री से खुद कार और बाइक डीलर हैरान रह गए। मारूती कंपनी की साढ़े तीन सौ कारें एक दिन में बिक गईं। टाटा और हुंडई ने भी करीब सौ-सौ कारें बेचीं। कुल कारों की बिक्री जोड़ लें तो यह आंकड़ा 600 से ऊपर पहुंच जाएगा। टू व्हीलर में तो डीलरों के यहां गाड़ियां खत्म हो गईं, लेकिन ग्राहकों का आना नहीं थमा। पहले से बुक गाड़ियों की डिलेवरी से ही व्यापारियों को फुर्सत नहीं मिल रही थी। बाइक डीलरों के अनुसार धनतेरस पर कम से कम तीन हजार बाइक बिकी हैं।

कारोबार पर एक नजर आटोमोबाइल

35-40 करोड़

इलेक्ट्रानिक्स

20-25 करोड़

ज्वैलरी:10-15 करोड़

बर्तन : 2-3 करोड़

कपड़ा- 1.5 -2 करोड़

अन्य: 5 करोड़

कुल:90 करोड़

(आंकड़े व्यापारियों से बातचीत के आधार पर)

90 करोड़ के चेक हुए क्लीयर धनतेरस पर लोगों ने केवल खरीदारी ही नहीं की, बल्कि अन्य लेन-देन भी जमकर किया। बुधवार को बैंकों से 26 हजार चेकों के जरिए करीब 90 करोड़ रुपए का लेन-देन हुआ।आम दिनों में 22 से 23 हजार चेक आते हैं।

रूप चतुर्दशी आज रूप चतुर्दशी यानी सजने-संवरने का दिन, हल्दी-उबटन और विविध सौंदर्य प्रसाधनों से तैयार होने का इस दिन बड़ा महत्व है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार इस दिन सूर्योदय से पहले तेल लगाकर स्नान करने से धन-ऐश्वर्य की प्राप्ति होती है साथ ही यमलोक का द्वार भी नहीं देखना पड़ता है। इसे नरक चतुर्दशी भी कहा जाता है। इस दिन शाम को हनुमानजी के समक्ष दीप भी जलाया जाता है। तैले लक्ष्मीर्जले गंगा दीपावल्याश्चतुर्दशीम्.. (चतुर्दशी को लक्ष्मी तेल में और गंगा पवित्र जल में निवास करती हैं)।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: