|
भोपाल. बड़वानी जिले के जैन तीर्थ बावनगजा के महामस्तकाभिषेक में राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री को आमंत्रित किया जाएगा। 27 जनवरी से चार फरवरी तक होने वाले इस समारोह में श्रद्धालुओं को आवागमन, रहवास, सुरक्षा आदि की सुविधाएं उपलब्ध करवाने में राज्य सरकार प्रबंध समिति को सहायता उपलब्ध करवाएगी।
मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान की अध्यक्षता में मंत्रालय में आयोजित महामस्तकाभिषेक की तैयारियों की समीक्षा बैठक में बताया गया कि इसमें 15 लाख लोगों के आने की संभावना है। श्री चौहान ने कहा कि महोत्सव में राष्ट्रपति प्रतिभा पाटील और प्रधानमंत्री डा. मनमोहनसिंह को आमंत्रित किया जाएगा। बैठक में आयोजन के मुख्य समन्वयक बाबूलाल पाटौदी, ऊर्जा एवं चिकित्सा मंत्री डॉ. गौरीशंकर शेजवार, लोक निर्माण मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, लोक स्वास्थ्य मंत्री चन्द्रभानसिंह, नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा आदि उपस्थित थे।