|
जयपुर. साल भर पहले 23 करोड़ का हेलीकॉप्टर और 25 करोड़ का विमान खरीदने के बाद मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे अब 37 से 40 करोड़ रुपए कीमत का नया
अत्याधुनिक हेलीकॉप्टर (अगस्ता वेस्टलैंड 139) खरीदने जा रही हैं। अंधेरे, ऊंचे तापमान और धूल भरी हवाओं में भी उड़ने की क्षमता वाला यह हेलीकॉप्टर अमेरिकी राष्ट्रपति जॉर्ज बुश के हवाई बेड़े का चर्चित अंग है। इसमें पायलट के अलावा 15 लोग बैठ सकते हैं।
सूत्रों ने बताया कि सिविल एविएशन और वित्त विभाग की मंत्री वसुंधरा राजे ने नए हेलीकॉप्टर की डिलीवरी के लिए 31 दिसंबर 07 से पहले की शर्त रखी है। वे नए साल और चुनावी दौरों की शुरुआत इसी से करना चाहती हैं। भास्कर द्वारा बार-बार पूछे जाने पर भी कोई अफसर और पायलट इस बारे में कुछ भी कहने को तैयार नहीं हुआ।
हवाई बेड़े में अभी तक
* किंग एयर बी 200 : कीमत 25 करोड़, छह माह से दुर्घटनाग्रस्त। दिल्ली एयरपोर्ट पर खड़ा है।
* किंग एयर सी 90 : कीमत 8 से 10 करोड़, दो हफ्ते से खिड़की टूटने से हैंगर में। इसका पुर्जा ही नहीं मिल रहा। केंद्र सरकार और रॉ की मदद भी ली, लेकिन काम नहीं बन पाया।
* हेलीकॉप्टर अगस्ता : कीमत 23 करोड़ रुपए। नया और पुराना विमान खराब होने के बाद से पूरा लोड हेलीकॉप्टर पर आ गया है। राज्यपाल और मुख्यमंत्री अब इसी के सहारे हैं।
हाईटेक हुकुमरान
* 4 साल में मुख्यमंत्री ने की लगभग 500 विमान यात्राएं।
* मंत्रियों के लिए पहले इंडिगो, फिर इनोवा कारें।
* वेतन भत्ते दिल खोलकर बढ़ाए।
* नए सीएमओ, सीएमआर और मंत्रियों के बंगलों पर पर भी 80 करोड़ से ज्यादा खर्च।
कब क्या खरीदा?
* 2005 में : 23 करोड़ का हेलीकॉप्टर
* 2006 में : 25 करोड़ का विमान
* 2007 में : लगभग 40 करोड़ का हेलीकॉप्टर
कीमत कितनी?
अगस्ता वेस्टलैंड कंपनी के नई दिल्ली स्थित मार्केटिंग विभाग के एक अधिकारी ने अपना नाम न छापने की शर्त पर बताया कि राज्य सरकार ने इस हेलीकॉप्टर में जिस तरह की सुविधाएं और जितनी जल्दी डिलीवरी चाही हैं, उस हिसाब से कीमत 40 करोड़ रुपए से कम नहीं हो सकती।
नए हेलीकॉप्टर की खूबियां
* 310 किमी प्रति घंटा सामान्य रफ्तार
* 1061 किमी प्रति घंटा अधिकतम रफ्तार
* 6450 किलो वजन
* 2540 किलो वजन ले जाने की क्षमता
* 8.86 फुट लंबा, 6.89 फुट चौड़ा और 4.66 फुट ऊंचा कैबिन।
* एक बार तेल भरने के बाद 5 घंटे 12 मिनट उड़ान।
* फ्लाइट क्रू एक या दो
* 2140 फीट प्रति मिनट ऊंचाई में उड़ान क्षमता।
* बैगेज कंपार्टमेंट 3.4 क्यूबिक मीटर