bhaskar Web English
HomeNewsRajasthanAjmer Ajmer

स्टेशन उप अधीक्षक और पॉइंट मैन सस्पेंड

अजमेर. मंडल रेल प्रशासन ने मंगलवार रात बिजयनगर रेलवे स्टेशन के नजदीक उदयपुर-अजमेर इंटरसिटी एक्सप्रेस ट्रेन के गलत ट्रैक पर चले जाने और एसएलआर कोच पटरी से उतरने के मामले में स्टेशन के उप अधीक्षक और दो पॉइंट मैन को निलंबित कर दिया है। तीन वरिष्ठ अधिकारियों की कमेटी ने बुधवार से जांच शुरू कर दी है।

रेल प्रशासन ने प्रारंभिक जांच में स्थानीय रेलवे स्टेशन के उप अधीक्षक इन्द्रमल निम्बेड़िया, पॉइंट मैन गौरीशंकर व कमलेश कुमार को दोषी मानते हुए निलम्बित किया है। मंडल रेल प्रबंधक रवींद्र टंडन ने बताया कि स्टेशन पर सिग्नल ठीक नहीं होने पर इंजन चालक को लाइन सैट करने के बाद पेपर लाइन क्लीयर प्रमाण पत्र दिया जाता है, मगर इंटरसिटी की रवानगी पर पॉइंट मैन ने समय पर पॉइंट सैट नहीं किया और स्टेशन उप अधीक्षक ने भी लाइन सैट किए बगैर प्रमाण पत्र दे दिया। स्टेशन उप अधीक्षक और पॉइंट मैन की गलती के कारण ट्रेन गलत ट्रैक पर गई और पीछे लेते समय कोच के पहिए पटरी से उतर गए।

ड्राइवर भी दोषी
डीआरएम के अनुसार, डीजल इंजन चालक व सहायक चालक भी मामले में दोषी हैं। उन्हें ध्यान रखना चाहिए था कि ट्रेन गलत ट्रैक पर जा रही है। गनीमत रही कि ट्रेन को ट्रैक के डेड एण्ड से पहले ही रोक कर वापस पीछे लिया गया, नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता था।

जांच कमेटी गठित
मंडल रेल प्रबंधक ने वरिष्ठ मंडल यांत्रिक अभियंता अखिलेश मीणा, वरिष्ठ मंडल संकेत एवं दूरसंचार अभियंता ऋषि गुप्ता और वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी केके वर्मा को जांच सौंपी है। वर्मा ने अभी कार्यभार ग्रहण नहीं किया है। उनके आने तक मंडल संरक्षा अधिकारी आरपी मीणा जांच कमेटी में रहेंगे।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: