अजमेर. महिलाओं के लिए रूप चतुर्दशी का खास महत्व है। इस दिन सजने का अलग ही मजा है। गुरुवार को बड़ी संख्या में महिलाएं ब्यूटी पार्लर्स की राह पकड़ेंगी।
वहीं सौंदर्य प्रसाधनों का कारोबार भी जोरों पर रहेगा। वहीं पुरुषों में भी सुंदर दिखने की इच्छा, समाज में एक और बड़े बदलाव की तरह है। वे भी रूप चतुर्दशी पर सजने संवरने के लिए ब्यूटी सैलून्स का रुख करेंगे। महिलाओं और पुरुषों की सुंदर दिखने की इसी ललक ने शहर में सौंदर्य के कारोबार को 25 करोड़ के पार पहुंचा दिया है।
पिछले एक साल के दौरान ब्यूटी पार्लर्स की संख्या काफी बढ़ी है। छोटे-बड़े सभी ब्यूटी पार्लर्स को इसमें शामिल करें तो यह आंकड़ा करीब 380 पर पहुंच जाता है। ये सालाना 10 करोड़ का कारोबार कर रहे हैं। रूप चतुर्दशी जैसे मौके इन पार्लर्स के लिए खास महत्व रखते हैं। कुछ जाने माने ब्यूटी पार्लर्स तो इस दौरान पूरी तरह से बुक रहते हैं।
रूप्स ब्यूटी केयर की संचालिका रूपश्री जैन बताती हैं कि इस दिन के लिए उनके क्लाइंट ने पहले से ही अपॉइंटमेंट्स ले लिए हैं। धनतेरस के दिन ही उन्होंने करीब 95 क्लाइंट्स को सर्विस दी। इसी तरह यूरो ब्यूटी शाइन के धनेश बताते हैं कि शहर के पुरुषों में भी सुंदर होने के प्रति रुझान बढ़ा है। मेल ब्यूटी सैलून्स की बढ़ती संख्या यही बताती है। फिलहाल अजमेर में 580 सैलून हैं। धनेश के पास ज्यादातर पुरुष क्लाइंट्स हेयर ट्रीटमेंट के लिए आते हैं, इसमें स्ट्रेटनिंग और कलरिंग का खासा क्रेज है।
रूपश्री के अनुसार दीपावली पर उबटन की परंपरा तो हमारे घरों में पहले से ही है, ब्यूटी पार्लर्स में उबटन में कुछ और जड़ी बूटियों के इस्तेमाल इसे ज्यादा प्रभावी बना देता है, उनके ब्यूटी पार्लर्स में आने वालों में ज्यादातर 16 से 40 आयु वर्ग की होती हैं, इनमें रूप चतुर्दशी को लेकर खासा उत्साह है।
पूरे अजमेर में ब्यूटी प्रोडक्ट्स का मार्केट करीब छह करोड़ रुपए का है, यह कहना है डीलर नीरज बबलानी। वे बताते हैं कि रूप चतुर्दशी, दीपावली और शादियों के दौरान मार्केट वैसे ही बढ़ जाता है, लेकिन इस साल जबरदस्त तेजी आई है।
बाजार एक नजर में..
कॉस्मेटिक्स और ब्यूटी प्रोडक्ट्स- 15 करोड़
ब्यूटी पार्लर्स की संख्या - 380
सालाना टर्न ओवर- 10 करोड़
मेल ब्यूटी सैलून्स - 580