|
जोधपुर. न्यू पॉवर हाउस रोड पर बुधवार दोपहर सरेराह एक कार का शीशा तोड़ कर चोरों ने करीब सवा चार लाख रुपए चुरा लिए। सूचना मिलते ही एसपी समेत
कई अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और चोरों की तलाश में नाकाबंदी करवाई, मगर वारदात करने वालों का सुराग नहीं लगा।
शास्त्रीनगर थानाधिकारी वीरेंद्रसिंह ने बताया कि न्यू पॉवर हाउस रोड पर अशोक पारीक का मकान है। वे कांट्रेक्टर हैं। उन्हें धनतेरस पर मजदूरों को भुगतान करना था। सुबह वे बैग में एक-डेढ़ लाख रुपए लेकर पावटा स्थित यूको बैंक गए। वहां से चेक का भुगतान करवा कर 2.50 लाख रुपए निकलवाए। रुपए को एक बैग में डाल दिया। बैग ड्राइविंग सीट के बगल वाली सीट के नीचे रखा था। वहां से करीब एक बजे वे जलजोग चौराहा स्थित आर्किटेक्ट के ऑफिस में रुके। फिर घर की ओर रवाना हो गए।
घर से लगभग सौ मीटर पहले ही बैंक ऑफ इंडिया की ब्रांच है। उन्हें इस शाखा में भी करेंट एकाउंट खुलवाना था। उन्होंने कार पार्क की और खाता खुलवाने बैंक में चले गए। आधा घंटे बाद लौटे तो कार की गेट का शीशा टूटा हुआ था और रुपयों से भरा बैग गायब था। उन्होंने बताया कि बैग में पहले से करीब पौने दो लाख रुपयों सहित कुल सवा चार लाख रुपए थे।
नुकीली वस्तु से शीशा तोड़ा
बड़ी रकम चोरी हो जाने से घबराए अशोक पारीक अपने घर चले गए। दोस्तों व रिश्तेदारों को बताने के बाद उन्होंने पुलिस को सूचित किया। चोरों ने पेचकस जैसी नुकीली वस्तु से कार का शीशा तोड़ा था। शीशे की फ्रेम थोड़ी मुड़ी हुई थी।
बैंक से पीछा करने का शक
अशोक पारीक ने पावटा स्थित यूको बैंक से ढाई लाख रुपए निकाले तब वहां भीड़-भाड़ थी। वहीं पर शायद किसी की नजर रुपयों पर पड़ गई। जलजोग चौराहा पर जब पारीक आर्किटेक्ट के पास पहुंचे तो एक मोटरसाइकिल पर दो युवक वहां तक पीछा करते हुए आए थे। पारीक को उन पर उस वक्त शक नहीं हुआ। वारदात के बाद उन्हें वह मोटरसाइकिल याद आई। पुलिस ने आसपास के दुकानदारों से पूछताछ की, मगर उनका कहना था कि पुलिस के आने पर ही उन्हें वारदात का पता चला है। पहले कार की ओर ध्यान नहीं दिया था।
2 माह, 5 वारदात, 12 लाख चोरी
* 17 सितंबर : न्यू पॉवर हाउस रोड पर हैंडीक्राफ्ट उद्यमी की कार से 2.50 लाख रुपए चोरी।
* 27 सितंबर : राय बहादुर मार्केट के बाहर कपड़ा व्यापारी के स्कूटर की डिक्की से 2.39 लाख रुपए चोरी।
* 31 अक्टूबर : घंटाघर चौराहे के पास मोटरसाइकिल के थैले से 2. 06 लाख रुपए चोरी।
* 6 नवंबर : ओलंपिक टॉवर के पास कांट्रेक्टर की कार से 90 हजार रुपए चोरी।
तरीका एक जैसा
ये सभी बैंकों से रुपए निकाल कर निकले थे। बैंकों से ही उनका पीछा शुरू हुआ और रुपयों से भरे बैग चुरा लिए गए।