|
कोटा. दीपावली पर सरकार द्वारा कर्मचारियों को बोनस देने की घोषणा ऐन वक्त पर किए जाने के चलते बुधवार को भी कई विभागीय कर्मियों को बोनस का भुगतान नहीं हो पाया। अलबत्ता, कई विभाग सूची तैयार करने में लगे रहे।
कई विभागों की सूची लंबी होने के कारण देरी हुई। शिक्षा विभाग के अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी ने बताया कि सूचियां बनाने का काम फिलहाल जारी है। उन्होंने दावा किया कि शिक्षकों को बोनस दीपावली पूर्व मिल जाएगा। जिला कोषागार में लगभग 40 विभागों की 2 हजार सूचियां अपेक्षित हैं जिनमें से बुधवार तक केवल 25 फीसदी सूचियां ही पहुंच पाई।
उधर, नगर विकास न्यास ने बुधवार को एक ही दिन में अपने 157 कर्मियों को 3 लाख 79 हजार 783 रुपए का भुगतान कर दिया। इसी प्रकार नगर निगम के कर्मियों के खातों में बोनस पहुंच गया है। आयुक्त सतीश बारूपाल के अनुसार निगम ने इससे संबंधित काम की पूर्व तैयारी की हुई थी।
दूसरी ओर राजस्थान शिक्षक संघ (सनाढ्य) ने आरोप लगाया है कि शहर के लगभग एक हजार शिक्षकों को अक्टूबर माह का वेतन तक नहीं मिला है। इन्हें सर्वशिक्षा अभियान के तहत लगाया था। शिक्षक संघ का कहना है कि सरकार ने बजट पूर्व ही वेतन जारी कर दिया, लेकिन अधिकारियों की ढिलाई के कारण शिक्षक वेतन से वंचित हैं।