|
नई दिल्ली.पंजाब में शिरोमणि अकाली दल और भाजपा के बीच पिछले कुछ माह से चल रहे मतभेदों को दूर करने की कवायद शुरू हो गई है। दोनों दलों के शीर्ष नेताओं ने विवाद को सुलझाने के लिए बुधवार को विस्तार से बातचीत की है। देर रात बीजेपी नेता लालकृष्ण अडवानी के घर करीब डेढ़ घंटे तक दोनों पक्षों के बीच बातचीत हुई।
इस दौरान शहरी क्षेत्रों में बिजली की कीमतें बढ़ाने से लेकर भाजपा मंत्रियों को सरकार के बड़े फैसलों से अनभिज्ञ रखने, भाजपा के मंत्रियों के मंत्रालयों में कथित रूप से हस्क्षेप और नगरनिगम चुनाव में अकालियों द्वारा भाजपा की टांग खिचाई जैसे मसले छाए रहे। बैठक में दोनों दलों की एक समिति बनाने का फैसला किया गया, जो अपनी सिफारिशों को अंतिम निर्णय के लिए बादल को भेजेगी। बैठक में अडवानी के अलावा भाजपा अध्यक्ष राजनाथ सिंह, मुख्यमंत्री बादल, सुखदेव सिंहढींढसा, कैप्टन कमलजीत और पंजाब भाजपा के प्रभारी बलबीर पुंज शामिल थे।
बैठक के बाद एक वरिष्ठ नेता ने दैनिक भास्कर से बातचीत में इतना ही कहा कि सभी विवादित मसलों पर बातचीत हुई है और उम्मीद है कि जल्द ही कोई हल निकल आएगा।
उल्लेखनीय है कि कुछ दिन पहले ही पंजाब सरकार में शामिल भाजपा के सभी मंत्रियों ने पार्टी आला कमान को इन मसलों पर दिल्ली आकर शिकायत की थी। तब पार्टी के प्रदेश प्रभारी बलबीर पुंज मुख्यमंत्री बादल से बात कर विवाद सुलझाने की जिम्मेवारी सौंपी गई थी। पुंज इस सिलसिले में चंडीगढ़ भी गए थे। लेकिन इस दिशा में बातचीत आगे नहीं बढ़ पाई थी।