गन्नौर. गांव घसौली स्थित सेंट्रल बैंक आफ इंडिया में बुधवार को दिनदहाड़े चार लुटेरों ने पिस्तौल के दम पर बैंक में डाका डाला और 5 लाख 7 हजार 360 रुपए लूट कर फरार हो गए।बैंक प्रबंधक एसडी त्यागी के अनुसार घटना सुबह सवा 11 बजे की है। चारों युवक देशी पिस्तौल लिए अंदर दाखिल हुए थे। एक ने बैंक में उपस्थित ग्राहकों को एक कमरे में ले जाकर बंद कर दिया और उनके मोबाइल ले लिए और लैंड लाइन फोन की लीड तोड़ दी।
दूसरे युवक ने कैशियर के कैश पर कब्जा कर लिया। लुटेरे बैंक प्रबंधक की मोटर साइकिल भी ले गए। यूपी साइड में यमुना की रेत में मोटर साइकिल फंस जाने के कारण लुटेरे दोनों मोटरसाइकिलों को वहीं छोड़ कर जागस गांव की ओर भाग गए।सहायक प्रबंधक आर के मटोरिया क्षेत्रीय प्रबंधक पीजे कुमार भी घसौली बैंक में पहुंच गए। डीएसपी रामफल, गन्नौर थाने के एसएचओ रामनिवास यादव ने पुलिस टीम के साथ कई जगह दबिश दी, लेकिन लुटेरे पकड़ से बाहर ही रहे।