|
नई दिल्ली. होम्योपैथ डॉक्टरों द्वारा अरसे से की जा रही मांग को ध्यान में रखते हुए अब केंद्र सरकार उन्हें सामान्य डिलीवरी कराने की अनुमति देने पर गंभीरता से विचार कर रही है। इसके लिए इन डॉक्टरों को स्त्रीरोग विज्ञान और प्रसूति विज्ञान का प्रशिक्षण दिया जाएगा, ताकि वे डिलीवरी के सामान्य मामलों को निपटा सकें। इससे स्थानीय स्तर पर चिकित्सा सुविधाओं में सुधार की उम्मीद की जा रही है।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री अंबुमणि रामदास ने इस बात का संकेत देते हुए कहा कि चूंकि होम्योपैथिक डॉक्टर सर्जरी में निपुण नहीं होते, इसलिए उन्हें ऑपरेशन के जरिए डिलीवरी की इजाजत नहीं होगी। उन्होंने बताया कि सरकार अब एमबीबीएस पाठ्यक्रम में होम्योपैथी और आयुर्वेद को भी एक विषय के तौर पर शामिल करने पर विचार कर रही है।
* जब दाइयां और नर्सें डिलीवरी कर सकती हैं तो भला होम्योपैथिक डॉक्टर यह काम क्यों नहीं कर सकते?—डॉ. अंबुमणि रामदास, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री