|
वाशिगंटन: अमेरिका ने पाकिस्तान में जल्द से जल्द आपातकाल हटाये जाने और राजनीतिक बंदियों की रिहाई का आह्वान किया है।
व्हाइट हाउस राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के प्रवक्ता गॉर्डन जैनड्रो ने कहा कि तीन नवम्बर को लागू किये गये आपातकाल को लेकर पाकिस्तानी लोगों की चिंता में राष्ट्रपति जार्ज डब्ल्यू बुश भी शामिल हैं।
उन्होंने कल एक बयान में कहा –“हम पाकिस्तानी अधिकारियों से देश में जल्द से जल्द संवैधानिक व्यवस्था और लोकतांत्रिक अधिकारो को बहाल करने का आग्रह करते है। पाकिस्तान के सभी दल स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव संपन्न कराये जाने पर सहमत है और इसके लिए उपयुक्त रास्ता मौजूदा स्थिति से बाहर निकलना है। इसलिए हम आपातकाल को हटाये जाने का आहवान कर रहे हैं।”
श्री जैनड्रो ने कहा कि राजनीतिक पार्टियों के सदस्यों और शांतिपूर्वक प्रदर्शन करने के दौरान हिरासत में लिये गये लोगों को रिहा किया जाये।
राष्ट्रपति जनरल परवेज मुशर्रफ द्वारा देश में आपातकाल लगाने के बाद पूर्व प्रधानमंत्री बेनजीर भुट्टो को रावलपिंडी में पहली बार रैली करने से रोकने के लिए उन्हें कल इस्लामाबाद में उनके घर में नजरबंद किया गया था। लेकिन बाद में सुश्री भुट्टो पर नजरबंदी हटा ली गई थी।
सुश्री भुट्टो पर नजरबंदी हटाये जाने पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए अमेरिकी विदेश विभाग के प्रवक्ता सीन मैकर्कोमेक ने कहा कि पाकिस्तान में मुख्य विपक्षी पार्टी पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (पीपीपी) नेता सुश्री भुट्टो पर नजरबंदी हटाने का निर्णय लेकर पाकिस्तानी अधिकारियों ने एक सकारात्मक कदम उठाया है।
उन्होंने कहा कि पाकिस्तान को लोकतंत्र के रास्ते पर वापस लाने के लिए सभी लोगों का एकसाथ मिलकर काम करना बहुत जरूरी है।