|
News
Indians Abroad Indians Abroad लंदन.
आप यकीन करें या न करें दो साल की बच्ची आयशा खान पर पुलिस ने तेज गति से कार चलाने का आरोप लगाते हुए चालान काट दिया है और उसकी मां से कहा गया है कि वह उसे जमा करवाए या सजा भुगते। मजे की बात यह कि इसमें गलती किसी पुलिसवाले की नहीं है, बल्कि स्पीड पकड़ने वाली मशीन ने ही यह चालान काटा है।
एशियाई मूल की आयशा के पिता ने कहा जब उनकी बेटी अकेली घर से नहीं निकल सकती तो वह कार चला कर इतनी दूर कैसे जा सकती है। आयशा की मां ने बताया कि आयशा इतनी छोटी है कि वह कार के ब्रेक, गेयर तक नहीं पहुंच पाती सिर्फ अपनी छोटी साइकिल चलाती है।
पुलिस ने अपनी गलती तब मानी जब आयशा की मां ने यह साबित कर दिया कि चालान वाले दिन वह और आयशा तो उस शहर में ही नहीं थे और जिस कार में चालान हुआ वह भी उनकी नहीं थी।
श्रीमती खान ने कहा, पहले तो मैं समझी किसी ने चालान होने पर अपना गलत नाम पता लिखवा दिया होगा, लेकिन चालान तो स्पीडिंग कैमरे ने जारी किया था। अगर वह कार आयशा के नाम पर रजिस्टर्ड नजर आई तो पुलिस को पहले जांच करनी चाहिए थी कि आयशा तो महज दो साल की है।
आयशा के पिता मोहम्मद (32) का कहना है कि आयशा अपने आप घर से बाहर नहीं जा सकती, अगर किसी तरह का आईडी फ्रॉड है तो पुलिस को उसकी तह तक जाना चाहिए।
साउथ यार्कशायर पुलिस कहती है कि अब चालान कटा है तो किसी न किसी को तो भरना होगा। आयशा को कैमरे ने 40 की गति वाली जगह पर 60 की गति से कार चलाते पकड़ा है। सड़क पुलिस के चीफ इंस्पेक्टर इयान ब्लिंट ने कहा, हमें मिली सूचना में कहीं गलती हुई है, लेकिन यह हमारे नियंत्रण से बाहर है। हम सिर्फ खान परिवार से माफी मांग सकते हैं।