बेंगलूर. बिशन सिंह बेदी और एस वेंकटराघवन के बाद टेस्ट टीम की कप्तानी संभालने वाले अनिल कुंबले तीसरे स्पिनर होंगे, जिन्हें यह अहम जिम्मेदारी दी गई है।
टीम इंडिया के 30वें टेस्ट कप्तान बने अनिल कुंबले (37) को कप्तान बनने के लिए 17 साल तकलंबा इंतजार करना पड़ा। बहरहाल बोर्ड के फैसले से खुश कुंबले ने कहा कि वे अपना दायित्व निभाएंगे और टीम इंडिया को पाकिस्तान के विरुद्ध आगामी तीन टेस्ट मैचों की सीरीज में सफलता दिलाएंगे।
अपनी पहली प्रतिक्रिया में कुंबले ने कहा कि कप्तानी के दायित्व से उनकी गेंदबाजी पर कोई असर नहीं पड़ेगा।
दीपावली का उपहार : कुंबले ने कहा कि चयनकर्ताओं के निर्णय से उन्हें कोई आश्चर्य नहीं हुआ, क्योंकि उन्हें कप्तान बनाए जाने की चर्चा पहले से थी। उन्होंने कहा, ‘असल में सचिन के इनकार करने के बाद ही मुझे कप्तान बनने का मौका मिला है’। कुंबले ने कहा कि देर से ही सही, पर उन्हें तब कप्तान बनाया गया है, जब वे किसी भी चुनौती का सामना कर सकते हैं।
फिलहाल पाक सीरीज पर नजर: ऑस्ट्रेलिया के विरुद्ध आगामी टेस्ट मैच में भी कप्तान बने रहने के बारे में कुंबले ने कहा कि इस समय वे सिर्फ पाकिस्तान के विरुद्ध सीरीज के बारे में सोचेंगे।
गौरतलब है कि कुंबले को पाकिस्तान के विरुद्ध तीन टेस्ट मैचों के लिए कप्तान बनाया गया है। भारत को पाकिस्तान के बाद ऑस्ट्रेलिया के दौरे पर चार टेस्ट खेलना है।
कुंबले का संक्षिप्त परिचय-
पूरा नाम- अनिल कुंबले
जन्म- 17 अक्टूबर, 1970
जन्म स्थान- बेंगलूर, कर्नाटक
गेंदबाजी शैली- लेग ब्रेक, गुगली
प्रदर्शन (गेंदबाजी)-
टेस्ट
मैच- विकेट- औसत- सर्वोच्च
118- 566- 28.73- 10/74
पहला टेस्ट- विरुद्ध इंग्लैंड, 1990, मैनचेस्टर (इंग्लैंड)।
पिछला टेस्ट- विरुद्ध इंग्लैंड, 2007 ओवल।
खास-
* 1996 में विजडन क्रिकेटर ऑफ द ईयर से सम्मानित।
* नई दिल्ली के फिरोजशाह कोटला मैदान पर पाकिस्तान के विरुद्ध ही कुंबले ने एक पारी में सभी 10 विकेट लेने का रिकार्ड बनाया था। इसी मैदान पर अब वे बतौर टेस्ट कप्तान टीम की बागडोर संभालेंगे।