|
News
Chhattisgarh
Raipur Raipur धमतरी/ नगरी (सिहावा). नगरी थानांतर्गत ग्राम फरसिया में जुआ पकड़ने गई पुलिस टीम पर जुआरियों ने हमला कर दिया। जुए में जब्त रुपए छीन लिए और रास्ता रोककर जवानों की तीन मोटरसाइकिलों में आग लगा दी। इस मामले में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है, वहीं दस फरार हैं।
एसपी ओपी पाल ने ‘दैनिक भास्कर’ को बताया कि जुआ चलने की सूचना पाकर दीपावली की रात 11 बजे पुलिस पार्टी ग्राम फरसियां पहुंची। खड़खड़िया खेल रहे अजीत सिन्हा, हरीश देवांगन, डोमार यादव, हेमलाल साहू, भूपेंद्र साहू, बसंत साहू, शेषनारायण सिन्हा, दीपक सेन, वीरू देवांगन, त्रिलोक सोम, पन्नालाल साहू, उमेश साहू व रूपेश को गिरफ्तार किया। इनके पास से 3100 रुपए भी बरामद किए गए।
धरपकड़ के बाद पुलिस जब्ती बना रही थी, तभी कुछ लोगों ने पुलिस के साथ बहस शुरू कर दी। उन्हीं में से कुछ लोगों ने आसपास की बांस-बल्ली निकाल ली और पुलिस पार्टी पर अचानक हमला बोल दिया। हमलावरों ने जब्त की गई रकम पुलिस से छीन ली। नगरी लौट रही पुलिस पार्टी का रास्ता रोक उनकी तीन मोटरसाइकिलें छीनकर आग लगा दी।
एसपी ने बताया कि फरसिया की स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है। नगरी-सिहावा थाने में बल की कमी की वजह से धमतरी से पुलिस बल वहां भेजा गया है। फरार आरोपियों को गिरफ्तार करने संभावित स्थानों पर पुलिस पार्टियां भेजी गई हैं। प्रधान आरक्षक दुल्लूराम साहू की शिकायत पर नगरी पुलिस ने 13 लोगों के खिलाफ धारा 186, 294, 323, 342, 353, 395, 427, 435 के तहत अपराध पंजीबद्घ किया है।