News
Chhattisgarh
Bilaspur Bilaspur बिलासपुर. ट्रांसपोर्टर के अज्ञेयनगर स्थित घर से चोरों ने दीवाली की रात 60 तोला सोना व एक किलो चांदी समेत 7 लाख रुपए का माल पार कर दिया। सिविल लाइन पुलिस अपराध कायम कर आरोपियों की तलाश कर रही है।
तारबाहर स्थित बगाई गोल्डन ट्रांसपोर्ट के संचालक राजकुमार गुप्ता का अज्ञेयनगर में मकान है। कल रात उनका परिवार दीवाली की पूजा-पाठ करने के बाद देर रात सो गए। पहली मंजिल पर कंस्ट्रक्शन का काम चल रहा है, इसलिए परिवार के सदस्य ग्राउंड फ्लोर पर ही रहते हैं। देर रात अज्ञात चोर सामने गेट से अंदर घुसे। इसके बाद गलियारा पार कर सीढ़ी के रास्ते से ऊपर पहुंच गए। चोरों ने सामने स्थित दरवाजे का कुंदा उखाड़कर हाल में प्रवेश किया, फिर बेडरूम के दरवाजे का भी कुंदा उखाड़ दिया। इसके बाद चोरों ने पहले अलमारियों की चाबी तलाश की, फिर उसमें रखे सोने के हार, मंगलसूत्र, अंगूठी, टाप्स, चेन, नेकलेस समेत 60 तोला सोना, एक किलो चांदी व 50 हजार रुपए चुरा लिए।
चोरों ने पास ही में रखे एक ब्रीफकेस को भी खोलने का प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं हो सके। कमरे में तीन अलमारियां हैं, जिसमें से बड़ी अलमारी को चोरों ने हाथ नहीं लगाया। इसके अलावा 10 रुपए के नोटों के गड्डी छोड़ गए, जबकि गुल्लक ले गए। चोरों ने कमरे में रखा कैमरा व अन्य सामान छोड़ दिया। जाते समय चोर टूटा हुआ ताला व अलमारी की चाबी लेकर चले गए।
आज सुबह करीब 8 बजे श्री गुप्ता की पत्नी मोटर पंप चालू करने के लिए ऊपर गईं तो उन्होंने देखा कि हाल व कमरे का ताला टूटा हुआ है तो उन्हें वारदात की जानकारी हुई। उन्होंने घरवालों को घटना के बारे में बताया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। सूचना पाकर एएसपी बद्रीनारायण मीणा, सीएसपी पीसी सोनकर, सिविल लाइन टीआई आरएन यादव, क्राइम ब्रांच, डाग स्क्वाड व एफएसएल की टीम घटनास्थल पहुंची।
श्री गुप्ता के मकान से पुलिस डाग डाली तालापारा की ओर गई, लेकिन चौक पर जाकर ठिठक गई। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ धारा 457, 380 के तहत अपराध कायम कर लिया है।
पुश्तैनी जेवर ले उड़े
श्री गुप्ता के घर के पुश्तैनी जेवर भी लाकर में रखे हुए थे। इसमें उनकी मां व पत्नी के शादी के गहने थे। गहनों से उनका भावनात्मक लगाव था। इसके अलावा नए गहने भी रखे हुए थे। चोरों ने सभी गहनों पर हाथ साफ कर दिया। इसके अलावा हनुमान की सोने की मूर्ति थी, जिसे वे छोड़ गए। कल रात वे लक्ष्मी पूजा से पहले पंडित का इंतजार कर रहे थे, लेकिन रात 11.30 बजे तक पंडित नहीं पहुंचे तो उन्होंने गहने नीचे नहीं उतारे और परिवार के सदस्यों ने मिलकर पूजा कर लिया।
मजदूरों पर संदेह
श्री गुप्ता के बेटे की शादी होने वाली है। इसके अलावा दीपावली के लिए ऊपरी मंजिल के कमरों में कंस्ट्रक्शन चल रहा था। इस समय राजमिस्त्री, प्लंबर व इलेक्ट्रिशियन आदि काम पर आते थे। श्री गुप्ता की पत्नी काम पड़ने पर अलमारी से रकम निकालने या रखने जाती थी। अलमारी खोलने के लिए पहले बिस्तर के नीचे रखी चाबी से दराज खोला जाता था, दराज से छोटी अलमारी और छोटी अलमारी में बड़ी अलमारी की चाबी रखी जाती थी। चोरों ने इसी तरह से सभी चाबियां इकट्ठी कीं। ऐसा माना जा रहा है कि किसी मजदूर ने यह सब देख लिया होगा और मौका पाकर हाथ साफ कर दिया।
दीवाली पर निकला दीवाला
त्योहार पर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर पेट्रोलिंग तेज कर दी थी। त्योहार पर लोग मकान सूना छोड़कर जाते हैं, इसलिए कालोनियों व मोहल्लों में गश्त करने के आदेश दिए गए थे, लेकिन दीवाली की रात हुई चोरी ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था का दीवाला निकाल दिया है। अपनी नाक बचाने के लिए पुलिस ने दर्जनभर से अधिक लोगों को हिरासत में ले लिया है। उनसे पूछताछ की जा रही है।