भोपाल. यदि आप बाइक पर जाती युवती को निहार रहे हैं तो थोड़ा सजग रहें। अब युवकों के साथ बाइक पर तफरीह करती युवतियां भी लूट कर सकती हैं। ऐसी ही एक घटना शनिवार की शाम एमपी नगर इलाके में हुई। एक युवती से बाइक सवारों ने मोबाइल फोन झपट लिया। बाइक पर एक युवती भी बैठी थी। वारदात शहर के सर्वाधिक भीड़ वाले बोर्ड आफिस चौराहे पर हुई। 24 घंटे के अंदर लूट की यह दूसरी और दस दिनों में दसवीं वारदात हैं।
बैरागढ़ में रहने वाली लता तनवानी स्कूली छात्रा हैं। वह अपनी मौसेरी बहन पूजा के घर दीवाली मिलने र्आई थीं। पूजा भी छात्रा है वह इतवारा में रहती है। दोनों बहनें शनिवार की शाम करीब साढ़े चार बजे एक्टिवा से एमपी नगर एक शो रूम में खरीदारी करने जा रहीं थीं। जब वे बोर्ड आफिस चौराहे पर थीं, तभी काली पल्सर बाइक पर आए युवकों ने पूजा के हाथ से मोबाइल फोन झपट लिया। इन युवकों के साथ बीच में एक युवती भी बैठी थी जो बैंगनी रंग का सलवार सूट पहने थी। दोनों युवक काली शर्ट पहने थे। पूजा और लता ने इनका कुछ दूर तक पीछा किया, लेकिन वे तेजी से भाग निकले।
पुलिस को आशंका है कि यह युवक भीम नगर के हो सकते हैं। वे मंत्रालय के सामने जाकर ओझल हो गए थे। जिस बाइक पर लुटेरे सवार थे, उसका नंबर एमपी04— 1131 था। इस आधार पर पुलिस लुटेरों की तलाश कर रही है।
पिपलानी में भी झपटा मोबाइल पिपलानी के डी सेक्टर में रहने वाले दीपक फणनीस एक प्राइवेट कंपनी में नौकरी करते हैं। शुक्रवार की रात वे खाना खाकर घर के बाहर टहलते हुए मोबाइल फोन पर बात कर रहे थे। तभी स्कूटर पर आए दो युवक उनके हाथ से मोबाइल फोन झपट कर ले गए। पुलिस ने दीपक की शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ लूट का मामला दर्ज किया है।
10 दिन 10 लूट राजधानी में लूट का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा। नवंबर की शुरूआत से ही लूट की घटनाएं हो रही हैं। लूट के आंकड़ों पर नजर डालें तो 10 दिन में दस वारदात हो चुकी हैं। इसमें डकैती की घटना अलग है। पुलिस की तमाम कोशिशें बेअसर साबित हुई हैं। माना जा रहा है कि लूट की घटनाओं के कारण ही अनंत कुमार सिंह को एसपी के पद से हटना पड़ा और उनकी जगह जयदीप प्रसाद को एसपी बनाया गया।