|
News
International International इस्लामाबाद:
पाकिस्तान के राष्ट्रपति परवेज मुशर्रफ ने अगले साल 9 जनवरी तक देश में आम चुनाव करवाने का ऐलान किया है। इससे पहले 15 नवंबर तक कार्यवाहक सरकार अस्तित्व में आ जाएगी। चुनाव कार्यक्रम की घोषणा निर्वाचन आयोग करेगा। देश में इमरजेंसी लगाने के नौ दिन बाद रविवार को मुशर्रफ ने यह घोषणा करते हुए कहा कि राष्ट्रीय और चार प्रांतीय एसेंबलियों के चुनाव एक साथ होंगे। ये चुनाव 9 जनवरी से पहले वाले हफ्ते में किसी दिन होंगे।
वर्दी छोड़ने का वादा निभाएंगे : सेना प्रमुख का पद छोड़ने का अपना वादा दोहराते हुए मुशर्रफ ने कहा कि राष्ट्रपति चुनाव के मामले में सुप्रीम कोर्ट का फैसला आने के बाद वे ‘गैर फौजी राष्ट्रपति’ के तौर पर शपथ लेंगे। उन्होंने आशा जताई कि ऐसा जल्द होगा। सुप्रीम कोर्ट के अपदस्थ चीफ जस्टिस इफ्तिखार एम चौधरी व अन्य जजों की बहाली के बारे में पूछे जाने पर मुशर्रफ ने दो टूक कहा कि इन्हें वापस बहाल करने का सवाल ही नहीं उठता।
इमरजेंसी वापसी की समय सीमा नहीं :एक अन्य सवाल के जवाब में राष्ट्रपति परवेज मुशर्रफ ने कहा कि वे इमरजेंसी वापस लेने की कोई समय सीमा नहीं दे सकते।
जनरल का ऐलान 15 नवंबर : कार्यकाल पूरा होने के बाद राष्ट्रीय एसेंबली भंग होगी, गठित होगी कार्यवाहक सरकार।
20 नवंबर : प्रांतीय एसेंबलियां भंग होंगी, कार्यवाहक सरकारें अस्तित्व में आएंगी
लाहौर से इस्लामाबाद तक बेनजीर करेंगी लॉन्ग मार्च
बेनजीर भुट्टो ने लाहौर से इस्लामाबाद तक अपनी पार्टी के लॉन्ग मार्च की तैयारी रविवार को शुरू कर दी। इसका आगाज मंगलवार से होने की उम्मीद है। यह मार्च मुशर्रफ द्वारा लगाई गई इमरजेंसी के खिलाफ सबसे बड़ा प्रदर्शन होगा। भुट्टो यहां से हवाई जहाज में लाहौर के लिए रवाना हो र्गई जो कि सत्तारूढ़ पीएमएल-क्यू का गढ़ माने जाने वाले पंजाब प्रांत की राजधानी है। बेनजीर का लॉन्ग मार्च करीब 300 किमी की दूरी तय करेगा।