लखनऊ. कानपुर के ग्रीनपार्क स्टेडियम में भारत पाकिस्तान का वनडे क्रिकेट मैच देखने के लिए पहुंचे छात्रों को पुलिस की लाठियां खानी पड़ी, जबकि काला कपड़ा पहन कर पहुंचे दर्शकों को क्रिकेट देखने से वंचित रहना पड़ा।
ग्रीन पार्क स्टेडियम के गेट पर प्रदेश सरकार के आदेश का पालन कर रही पुलिस ने लड़कियों को भी नहीं बख्शा। मैच देखने के लिए कई लड़कियों को अपनी काली जींस या टॉप बदलनी पड़ी या फिर वापस लौटना पड़ा। कई लोग ऐसे भी थे जो काली टी शर्ट उतार कर स्टेडियम में घूस गए। गेट पर तैनात पुलिस के जवानों का कहना था कि सरकार का आदेश है कोई भी दर्शक काला कपड़ा पहन कर मैच नहीं देखेगा।
पुरस्कार वितरित : मुख्यमंत्री मायावती ने पहला कांशीराम खेल पुरस्कार ग्रीन पार्क स्टेडियम में आयोजित समारोह में बांटे। उन्होंने इस अवसर पर प्रदेश के तेज गेंदबाज आरपी सिंह और पीयूष चावला को कांशीराम खेल पुरस्कार वितरित किया। दोनों खिलाड़ियों को पुरस्कार देने की घोषणा पहले से की गई थी।
छात्रों का धरना : दूसरी तरफ टिकट होने के बाद भी स्टेडियम के स्टूडेंट स्टैंड में प्रवेश से रोके गए सैकड़ों छात्रों ने वहीं धरना दे दिया। पुलिस ने छात्रों को खदेड़ने के लिए जमकर लाठियां भांजी। कई छात्रों को चोटें भी आयीं। छात्रों की समझ में नहीं आ रहा था कि टिकट होने के बाद भी उन्हे अंदर क्यों नहीं जाने दिया गया।