मुंबई.
अंबानी बंधुओं की छोड़िए, शेयर बाजार में हिंदी फिल्मों के सुपरस्टार अमिताभ बच्चन की दौलत भी ढाई साल में दस गुनी हो गई है।
अमिताभ बच्चन ने अमरसिंह के साथ एक कंपनी शुरू की। जून 2005 में जब शेयर खरीदे गए तो 2.3 करोड़ रुपए मूल्य था। अब इन्हीं शेयरों का मूल्य 23 करोड़ रुपए हो गया है।
एनर्जी डेवलपमेंट कंपनी (ईडीसीएल) में 2005-06 में अमिताभ बच्चन प्रमोटर बने। देश में यह शायद अकेली लिस्टेड कंपनी होगी, जिसमें बच्चन शेयरधारक होंगे। स्टाक एक्सचेंज की सूचना पर ध्यान दिया जाए तो बच्चन का नाम जून 2005 से मार्च 2006 के दौरान प्रमोटर के रूप में आता है।
बच्चन के 10 लाख शेयरों का मूल्य 31 मार्च 2006 चार करोड़ रुपए हो गया था। अब उनकी 3.64 फीसदी हिस्सेदारी का मूल्य 23.06 करोड़ रुपए है। ईडीसीएल के शेयर बीएसई में 230.65 रुपए के आसपास चल रहे हैं। कंपनी का मार्केट कैप भी 600 करोड़ के पार हो गया है।
कंपनी की सालाना रिपोर्ट के अनुसार बच्चन को 2006-07 में डाइरेक्टर के रूप में 2500 रुपए दिए गए। यह उन्हें बोर्ड की एक बैठक में हिस्सा लेने के एवज में मिले। अमिताभ बच्चन उनके द्वारा स्थापित एबीसीएल में चेयरमैन हैं, लेकिन वे कोई वेतन नहीं लेते।
ईडीसीएल बिजली उत्पादन करने वाली कंपनी है, जिसका रजिस्टर्ड कार्यालय कोडगु (कर्नाटक) में है।