News
International International इस्लामाबाद. पाकिस्तानी महिलाओं में खासे लोकप्रिय रहे भारत के ‘सास-बहू’ के सीरियलों के दर्शकों की संख्या इमरजेंसी लगने के बाद काफी बढ़ी है। इन सीरियलों में मुख्य रूप से बालाजी प्रोडक्शन के ‘के-सीरियल’ शामिल हैं।
इन सीरियलों के दर्शकों में अब वे भी सम्मिलित हो गए हैं, जो प्रतिबंधों के कारण स्थानीय चैनलों द्वारा प्रसारित किए जा रहे पाकिस्तानी सीरियल नहीं देख पा रहे हैं। बालाजी प्रोडक्शन की ‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी’ और ‘कहानी घर-घर की’ जैसे सीरियल पाकिस्तान में खूब हिट रहे हैं। सीरियल छूटने की आशंका में पारिवारिक भोज और बाहर जाने के कार्यक्रम तक रद्द कर दिए जाते हैं।
भारतीय गहनों और साड़ियों की भी धूम :
मुंबई के एक डिजाइन हाउस ‘नजाकत’ की साड़ियों और गहनों ने इस्लामाबाद की एक प्रदर्शनी में धूम मचा रखी है। ‘नजाकत’ द्वारा बनाए गए कश्मीरी कढ़ाई वाले कुर्ते और परंपरागत सलवार-कमीज तथा घाघरे भी काफी पसंद किए जा रहे हैं। लखनवी चिकन और कुंदन वाले डिजाइनर कपड़े भी लोगों के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। यह प्रदर्शनी 17 नवंबर तक चलेगी।