Manoranjan
Telly Talk Telly Talk
छोटे परदे पर खलनायिका की भूमिकाओं में खास पहचान बनाने वाली अभिनेत्री और नृत्यांगना सुधा चंद्रन का कहना है कि टीवी पर प्रसारित होने वाले रियलिटी शोज में कोई रियलिटी नहीं होती। इन कार्यक्रमों से असली प्रतिभा को कोई फायदा नहीं है। 9एक्स चैनल पर प्रसारित होने वाले महत्वाकांक्षी कार्यक्रम ‘धमाल एक्सप्रेस’ के बारे में जानकारी देते हुए सुधा चंद्रन ने दैनिक भास्कर से खास बातचीत के दौरान उक्त विचार जाहिर किए।
सुधा शायद ‘झलक दिखला जा’ से बाहर होने पर इस तरह के कार्यक्रमों से खफा हैं। मात्र इसलिए सुधा इस शो से बाहर हो गईं कि उन्हें मिलने वाले एसएमएस की तादाद अन्य कम प्रतिभाशाली नर्तकों से कम थी। दक्षिण भारत में जन्मीं और मुंबई में पली बढ़ी सुधा ने अपनी पहली और सुपर-डुपर हिट फिल्म ‘नाचे मयूरी’ में अपने नृत्य कौशल का परिचय दिया था।
तीन साल की उम्र से नृत्य सीखना शुरू करने वाली सुधा भारतीय संस्कृति की प्रबल पक्षधर हैं। टीवी पर प्रसारित होने वाले सास-बहू टाइप के कार्यक्रमों की थीम से वह सहमत नहीं हैं, मगर उनका कहना है कि कलाकार के निजी विचार अलग होते हैं और प्रोफेशनल लाइफ अलग। जिस तरह का किरदार हम निभाते हैं, जरूरी नहीं कि उसके जैसे विचार भी हमारे हों।
सोमवार से लांच हो रहे नए टीवी चैनल 9एक्स पर कई अन्य कार्यक्रमों के साथ कुछ ही दिनों में लगभग डेढ़ घंटे का एक अनोखा कार्यक्रम प्रस्तुत होने जा रहा है। ‘धमाल एक्सप्रेस’ नाम से पेश होने वाले इस डांस कार्यक्रम में पहली बार छोटे परदे के कोई दो दर्जन सितारे एक साथ म्यूजिकल पैरोडी पेश करेंगे जो बॉलीवुड के कई वर्षो के ट्रेंड की झलक दिखलाएगा।
कार्यक्रम नवरस पर आधारित होगा। इसके निर्देशक हैं असीम सेन। ‘धमाल एक्सप्रेस’ में जो टीवी सितारे प्रस्तुति देने जा रहे हैं, सुधा चंद्रन के अलावा उनमें कुछ प्रमुख हैं- साक्षी तंवर, अली असगर, मोना सिंह, हुसैन, श्वेता तिवारी, उर्वशी ढोलकिया, केतकी दवे, मानव गोहिल, राजश्री ठाकुर, रोशनी चोपड़ा और करिश्मा तन्ना। सभी कलाकारों ने समूह और कुछ एकल नृत्यों के माध्यम से कार्यक्रम को यादगार बनाया है।