|
मुंबई. प्रमोद महाजन हत्याकांड की सुनवाई कर रहे सेशन कोर्ट ने सोमवार को बचाव पक्ष से कहा कि एसएमएस से छेड़छाड़ का प्रदर्शन करने के लिए वैसा ही हैंडसेट
लाया जाए, जैसा दिवंगत भाजपा नेता प्रमोद महाजन के पास था।
सेशन जज एसपी दवारे ने कहा कि यदि वैसा ही हैंडसेट नहीं मिल सके तो एसएमएस से छेड़छाड़ का प्रदर्शन कोर्ट की कस्टडी में रखे प्रमोद महाजन के सेलफोन पर ही किया जाए। इस मामले की सुनवाई कोर्ट ने 16 नवंबर तक के लिए स्थगित कर दी है।
सरकारी वकील की दलील : इससे पहले कोर्ट में बचाव पक्ष के गवाह और सॉफ्टवेयर विशेषज्ञ हरिकृष्ण ने कहा कि वह एसएमएस से छेड़छाड़ का प्रदर्शन करने को तैयार है, लेकिन सरकारी वकील नितिन प्रधान ने अपनी दलील में तकनीकी मुद्दा उठाते हुए कहा कि हरिकृष्ण दूसरे सॉफ्टवेयर वाला फोन उपयोग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सेलफोन या तो वही हो, जो प्रमोद महाजन के पास था, या फिर उस जैसा ही कोई अन्य सेलफोन प्रयोग में लाया जाए।
अहम सबूत : इस मामले में अपने बड़े भाई प्रमोद महाजन की हत्या से पहले प्रवीण महाजन द्वारा कथित तौर पर भेजा गया धमकी भरा वह एसएमएस अभियोजन पक्ष के लिए अहम सबूत है, लेकिन प्रवीण के वकील हर्षद पोंडा का दावा है कि इस एसएमएस से छेड़छाड़ की गई है।