News
Chhattisgarh
Raipur Raipur दंतेवाड़ा/जगदलपुर. नक्सलियों का प्रवक्ता होने के आरोप से तिलमिलाए कोंटा के कांग्रेस विधायक कवासी लखमा ने मंगलवार को सीधे कलेक्टर केआर पिस्दा पर ही धावा बोल दिया। उन्होंने कलेक्टर को चुनौती दी है कि वे आरोपों को साबित करें या मानहानि के मुकदमे के लिए तैयार हो जाएं। सुकमा पुलिस ने मंगलवार को विधायक की तीन दिन पुरानी शिकायत पर छिंदगढ़ जनपद के सीईओ के खिलाफ अपराध कायम कर लिया।
कलेक्टर पिस्दा ने सात नवंबर को राज्य शासन को भेजे पत्र में लखमा पर कई गंभीर आरोप लगाए थे। लखमा ने भास्कर से चर्चा में तमाम आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया। उन्होंने मांग की है कि पूरे मामले की जांच सीबीआई से करवाई जाए। बिफरे विधायक ने कहा कि आरोपों में जरा भी सच्चई पाई जाती है तो उन्हें गोली मार दी जाए। वह इसके लिए तैयार हैं।
लखमा का कहना है कि वे भेज्जी, जगरगुंडा, किस्टारम जैसे नक्सल प्रभावित इलाकों में कभी गए ही नहीं। उन्होंने कहा कि इस बात की जांच होनी चाहिए कि भेज्जी जैसे इलाकों में नक्सलियों के डर से पुलिस और जनप्रतिनिधि तक नहीं जा पाते, वहां कलेक्टर पिस्दा सिंचाई विभाग के एसडीओ राम के साथ क्या करने गए थे। दंतेवाड़ा जिले को साक्षरता के क्षेत्र में पुरस्कार मिलने पर भी लखमा ने हैरानी जाहिर करते हुए इसकी जांच की मांग की है।
उनको दी जा रही वाई केटेगरी की सुरक्षा हटाने संबंधी कलेक्टर के सुझाव पर उन्होंने कहा कि जोगी सरकार के समय जब भी वे इलाके के दौरे पर जाते थे, उनके साथ पांच सशस्त्र जवान होते थे। भाजपा सरकार आने के बाद से दौरे के समय उनको फालोगार्ड नहीं दिया जा रहा। इस बारे में कई बार उन्होंने कलेक्टर को सूचना भी दी, लेकिन उसे अनदेखा कर दिया गया।
साफ है कि कांग्रेस विधायक की सुरक्षा की सरकार को चिंता नहीं है। छिंदगढ़ जनपद पंचायत के सीईओ द्वारा सुकमा थाने में उनके खिलाफ दर्ज रिपोर्ट के बारे में कवासी ने फिर कहा कि यह कलेक्टर के इशारे पर किया गया। जिले में हो रही गड़बड़ियों को वह लगातार उजागर कर रहे थे। इसी वजह से उनको फंसाने की साजिश रची गई।
सुरक्षा नहीं हटेगी : एसपी
दंतेवाड़ा एसपी राहुल शर्मा ने कहा कि कानून व्यवस्था के मामले में सभी समान हैं। विधायक की सुरक्षा रशासन के आदेश के बाद ही हटेगी। सुरक्षा की श्रेणी तय करने का अधिकार शासन की समिति को है। शासन के निर्देश आने के बाद ही वे कुछ कह सकेंगे।
सीईओ पर जुर्म कायम
कलेक्टर के आरोप के बाद बदली परिस्थिति को देखते हुए सुकमा थाने में मंगलवार को लखमा की शिकायत पर छिंदगढ़ जनपद पंचायत के सीईओ बीआर भगत के खिलाफ धारा 294, 506 के तहत जुर्म कायम कर लिया गया। सीईओ की रिपोर्ट पर पुलिस लखमा के खिलाफ पहले ही अपराध कायम कर चुकी है।