उदयपुर. मतदाता सूचियों में गलतियों के कारण इस बार मतदाता ही नहीं, सांसद व पूर्व विधायक भी परेशान हैं। इनमें संशोधन के लिए मतदाता चक्कर लगाने को मजबूर हैं। सांसद किरण माहेश्वरी के स्थान पर किसी अन्य महिला का फोटो लगा है तो उनके पति सत्यनारायण माहेश्वरी की जगह महिला का फोटो है। पूर्व विधायक त्रिलोकचंद पूर्बिया के नाम के साथ किसी अन्य का फोटो जारी हो गया है। अंबामाता स्थित राजकीय मास्टर किशनलाल वर्मा उच्च माध्यमिक विद्यालय में हुई वार्ड सभा के दौरान मतदाता सूचियों में भारी गलतियां सामने र्आई। निर्वाचन दल को त्रुटि सुधार के लिए जारी हुई पूरी सूची ही त्रुटिपूर्ण निकली।
निर्वाचन अधिकारी राजीव जैन ने बताया कि हमारे नोटिस में भी यह जानकारी आई है कि चर्चित हस्तियों के नाम के साथ भी फोटो बदल गए। इसके अलावा भी कई गलतियां सामने आई हैं। लिस्ट दिल्ली से बनती है, वहीं से गलती हुई है।
भाग संख्या 43 में मतदाता सांसद किरण माहेश्वरी पत्नी सत्यनारायण के नाम के साथ किसी अन्य महिला का फोटो था। उनके पति सत्यनारायण माहेश्वरी पुत्र मिठालाल के नाम के साथ महिला का फोटो था। निर्वाचन आयोग द्वारा मतदाता सूचियों के पुनरीक्षण के लिए लगाए जा रहे शिविर में मंगलवार को अंबामाता स्कूल में नगर पालिका के वार्ड संख्या 2, 3, 4, 5 और 21 की मतदाता सूचियों में भाग संख्या 32 से 52 तक में नए नाम जुड़वाने तथा नाम-पते व त्रुटि मिलने पर संशोधित कराने का कार्य हुआ। यहां मतदाताओं के अलावा भाजपा और कांग्रेस के जनप्रतिनिधि भी मौजूद थे।
उन्होंने भाग संख्या 43 में मतदाता सांसद किरण माहेश्वरी पत्नी सत्यनारायण के नाम के साथ किसी अन्य महिला का फोटो देखा। उनके पति सत्यनारायण माहेश्वरी पुत्र मिठालाल के नाम के साथ महिला का फोटो था। भाग संख्या 43 में पूर्व विधायक त्रिलोकचंद पूर्बिया पुत्र गुलाबचंद उम्र 66 साल के साथ किसी अन्य युवा का फोटो लगा था। हसीना बानो, कमलादेवी की जगह पुरुष, नटवरलाल, पवनकुमार की जगह महिला का फोटो जैसे दर्जनों मामले सामने आए हैं।
शिविर स्थल पर मौजूद भाजपा मंडल अध्यक्ष बलवीरसिंह, वार्ड 2 की पार्षद कमला मीणा, 21 के पार्षद भैरूलाल पहाड़िया ने अधिकारियों के पास मौजूद मतदाता सूची में ही त्रुटि बताते हुए करीब ढाई हजार नाम, पतों व फोटो में त्रुटियां तलाश ली। दिलचस्प बात यह रही कि इतनी गलतियों में से सिर्फ 124 मतदाताओं के ही फार्म संशोधन के लिए पेश हुए।
फार्म कम पड़ गए : जानकारी के अनुसार मतदाता सूची के पुनरीक्षण के लिए नियुक्त अधिकारी श्रीमती तरंग यादव, सुभाष शर्मा व राधाकिशन धाबाई पहुंचे। उनके पास संशोधन के लिए फार्म सीमित थे और त्रुटियां अधिक मिलने पर जनप्रतिनिधियों ने हाथों-हाथ फार्म की फोटो कापी करवाकर करीब पांच सौ फार्म शिविर में वितरित करवाने की व्यवस्था की।
* निर्वाचन अधिकारी राजीव जैन ने बताया कि हमारे नोटिस में भी यह जानकारी आई है कि चर्चित हस्तियों के नाम के साथ भी फोटो बदल गए। इसके अलावा भी कई गलतियां सामने आई हैं। लिस्ट दिल्ली से बनती है, वहीं से गलती हुई है। यह मिनीएचर शीट नए नाम जोड़ने के साथ ही त्रुटियां सुधार के लिए भेजी गई है। इसके अलावा हम डोर टू डोर सर्वे भी करवा रहे हैं। इसमें स्पष्ट शक्ल नहीं होने पर भी शुद्धि करवा रहे हैं। यह अभियान दो-तीन चरण में चलेगा, क्योंकि मामूली गलती से बड़ा बवाल हो सकता है।
-राजीव जैन, निर्वाचन अधिकारी, उदयपुर शहर विधानसभा क्षेत्र