भोपाल. भारतीय विज्ञान सम्मेलन में पूर्व राष्ट्रपति डा. एपीजे अब्दुल कलाम भी शामिल हो रहे हैं। डा. कलाम 25 नवंबर को भोपाल आएंगे। मध्यप्रदेश विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद द्वारा आयोजित यह सम्मेलन 21 से 26 नवंबर तक आयोजित किया जा रहा है। लाल परेड मैदान पर होने वाले इस कार्यक्रम में कई राष्ट्रीय स्तर के विद्वान और वैज्ञानिकों के साथ करीब 2500 प्रतिभागी भी भाग लेंगे।
मैपकास्ट के महानिदेशक डा. महेश शर्मा ने जानकारी दी कि डा. कलाम ने विज्ञान सम्मेलन में शामिल होने के लिए सहमति दे दी है। डा. कलाम विज्ञान सम्मेलन में आए स्कूली छात्रों और युवा वैज्ञानिकों से अनौपचारिक बातचीत करेंगे।
सम्मेलन में आ रहे देश-विदेश के वैज्ञानिकों के साथ भी डा. कलाम का एक विशेष सत्र आयोजित किया गया है, जिसमें प्राकृतिक संसाधनों के उपयोग से समग्र विकास पर चर्चा की जाएगी। इस विज्ञान मंथन कार्यक्रम के बाद डा. कलाम का उद्बोधन होगा।
भारतीय विज्ञान सम्मेलन में इसरो के अध्यक्ष डा. माधवन नायर, भारत सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के सचिव डा. टी रामास्वामी, भू विज्ञान सचिव डा. पीएस गोयल, योजना आयोग सदस्य डा. वीएल चोपड़ा, पूर्व सचिव जैव प्रौद्योगिकी डा. मंजू शर्मा, बनारस हिंदू विवि के कुलपति डा. पंजाब सिंह आदि प्रतिष्ठित वैज्ञानिक विशेष रूप से आ रहे हैं।
इस कार्यक्रम में देश-विदेश के करीब 2500 प्रतिभागी भाग लेंगे। लाल परेड मैदान पर 21 से 26 नवंबर तक आयोजित किए जा रहे विज्ञान एक्सपो में लगभग पांच लाख लोगों को जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। मुख्यमंत्री शिवराज िसंह चौहान द्वारा कार्यक्रम की गतिविधियों की विशेष समीक्षा की जा रही है। मुख्यमंत्री ने अन्य राज्यों के मुख्यमंत्रियों को भी आने का निमंत्रण दिया है।