सागर. भाजपा कार्यसमिति की दो दिन तक होने वाली बैठक भाजपा के प्रदेश कोषाघ्यक्ष विजय कुमार खंडेलवाल के निधन के कारण एक दिन में ही सिमट गई। हालांकि बैठक में राजनैतिक और आर्थिक प्रस्ताव चर्चा के बाद पारित किए गए।
उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष नरेंद्रसिंह तोमर ने कहा कि भाजपा की प्रदेश में सरकार बनने के बाद प्रदेश का विकास तेजी से हुआ और गरीब मजदूरों के कल्याण की योजनाएं शुरू की गई हैं। इससे भाजपा सरकार की पहचान गरीबों की हितैषी सरकार के रूप में बनी है।
मकरोनिया स्थित महाराजा छत्रसाल नगर में आयोजित कार्यसमिति की बैठक का शुभारंभ सुबह 11 बजे मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, पूर्व मुख्यमंत्री सुंदरलाल पटवा की मौजूदगी में प्रदेश अध्यक्ष नरेंद्रसिंह तोमर व अन्य अतिथियों ने किया। बैठक का संचालन कर रहे प्रदेशमंत्री अजयप्रताप सिंह ने कहा कि श्री खंडेलवाल के निधन के कारण दो दिवसीय बैठक की कार्रवाई एक दिन में ही पूरी की ली जाएगी।
केंद्र सरकार को जमकर कोसा:
उद्घाटन सत्र में प्रदेशाध्यक्ष श्री तोमर ने केंद्र की यूपीए सरकार पर मप्र के साथ भेदभाव किए जाने का आरोप लगाते हुए कहा कि केंद्र ने आतंकवाद के सामने घुटने टेक दिए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की नीतियों के कारण प्रदेश में खाद का संकट बढ़ा है और गेहूं के आयात में भारी भ्रष्टाचार हुआ है।
सरकार ने थपथपाई अपनी पीठ
235 में से 181 सदस्य आए :
कार्यसमिति की बैठक के लिए 235 सदस्यों को आमंत्रित किया गया था, जिनमें से महज 181 सदस्य ही उपस्थित हुए। हालांकि भाजपा ने 210 सदस्यों के शामिल होने का दावा किया।
भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं सांसद सुमित्रा महाजन, अनिल दवे, मायासिंह, संगठन मंत्री माखनसिंह, पूर्व संगठन मंत्री कप्तानसिंह सोलंकी, पूर्व केंद्रीय मंत्री सत्यनारायण जटिया, प्रदेश महामंत्री भूपेंद्रसिंह ठाकुर, कृषि मंत्री गोपाल भार्गव, उद्योग मंत्री जयंत मलैया, नागेंद्रसिंह, रुस्तम सिंह, कुसुम मेहदेले, जेलमंत्री अंतरसिंह आर्य, चौधरी चंद्रभान सिंह, अनूप मिश्रा, जगदीश देवड़ा, अखंड प्रताप सिंह आदि शामिल हुए।
खरगोन से कृष्णमुरारी मोघे की उम्मीदवारी
कार्यसमिति की बैठक के दौरान प्रदेश चुनाव समिति की बैठक भी हुई। इसमें खरगोन से पूर्व सांसद कृष्णमुरारी मोघे के नाम का अनुमोदन कर दिया गया है। सांवेर के लिए निशा सोनकर और संतोष मालवीय के नामों को केंद्रीय चुनाव समिति को भेजने का प्रस्ताव किया गया है।
प्रदेश चुनाव समिति में 15 सदस्य हैं जिनमें से केवल 7 सदस्य उपस्थित थे। इनमें प्रमुख रूप से मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान, प्रदेशाध्यक्ष नरेंद्रसिंह तोमर, संगठनमंत्री माखनसिंह, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष प्रदेश महामंत्री भूपेंद्रसिंह आदि मौजूद थे।