अजमेर. पंचशील कॉलोनी में मंगलवार दोपहर हथियारबंद लुटेरे दो मकानों से करीब पांच लाख के जेवर और नकदी ले गए। वारदात के दौरान मकान में पहुंची दो
युवतियों को रिवॉल्वर दिखाकर बाथरूम में बंद करने के बाद लुटेरे भाग गए। उधर, पुलिस की नाकाबंदी का नतीजा फिलहाल सिफर रहा है।
सेंट स्टीवंज स्कूल के गेट के सामने वाले ब्लॉक में रहने वाले त्रिलोकचंद जाटव की पत्नी अनिताराज और पुत्री श्वेता सुबह ग्यारह बजे मकान पर ताला लगा कर त्रिलोकचंद के भाई बलदेव नगर निवासी रतनलाल के घर र्गई थीं। वहां पहुंच कर उन्हें मोबाइल फोन घर में ही छूट जाने का ध्यान आया। इस पर श्वेता ताऊ रतनलाल की बेटी पूजा के साथ स्कूटी पर मोबाइल लेने के लिए घर लौटी। उसे मैनगेट खुला मिला। भीतर मौजूद युवक से दोनों कुछ पूछतीं, इससे पहले ही उसने रिवॉल्वर दिखाते हुए दोनों को चुप रहने की चेतावनी दी। कमरे में आलमारी खंगाल रहा उसका साथी भी बाहर आ गया। सहमी श्वेता और पूजा को बाथरूम में बंद करने के बाद दोनों युवक चंपत हो गए।
मोटरसाइकिल स्टार्ट होने की आवाज सुनने के बाद श्वेता और पूजा ने शोर मचाया। शोर सुनकर पड़ोसी महिला ने बाथरूम का दरवाजा खोल कर दोनों को बाहर निकाला। इस बीच, इलाके के लोग भी जमा हो गए। कमरे का ताला टूटा हुआ था। आलमारी खुली पड़ी थी और सामान बिखरा हुआ था। मकान मालिक त्रिलोकचंद जाटव उप पंजीयन कार्यालय, भीलवाड़ा में यूडीसी हैं। वारदात के समय वे अजमेर में नहीं थे। उनकी पत्नी अनिता ने बताया, आलमारी से करीब 15 हजार रुपए, सोने-चांदी के जेवर सहित करीब डेढ़ लाख का सामान लुटेरे ले गए।
क्रिश्चियन गंज थाना पुलिस के दल ने मकान में तफ्तीश शुरू की। मोबाइल एफएसएल टीम भी पहुंच गई। कार्रवाई के दौरान ही दोपहर करीब डेढ़ बजे जाटव के मकान के सामने रहने वाले बैंक कर्मचारी पी. एन. आहूजा की पत्नी जया आहूजा ने शोर मचाना शुरू कर दिया। एमडीएस यूनिवर्सिटी में कार्यरत जया लंच टाइम में ऑफिस से लौटी थीं। मकान के मैनगेट का ताला टूटा हुआ था। भीतर कमरे और आलमारी भी खुली देख कर जया के होश उड़ गए। दो आलमारियों का सामान बिखरा हुआ था। शोर सुनकर जाटव के मकान में तफ्तीश कर रहे पुलिस अफसर और बाहर जमा लोग आहूजा के मकान में पहुंच गए। इसी दौरान पीएनबी की कचहरी रोड शाखा में कार्यरत पी. एन. आहूजा भी आ गए। उन्होंने पुलिस को बताया कि आलमारियों में लगभग साढ़े तीन लाख रुपए केजेवर थे। दीपावली पर पूजन के लिए उन्होंने बैंक के लॉकर से जेवर निकाले थे।
डीएसपी शिल्पा चौधरी, क्रिश्चियन गंज थाना प्रभारी राजेन्द्र त्यागी और कोतवाली थाना प्रभारी राजेन्द्रसिंह ने दोनों मकानों का मुआयना किया। एफएसएल टीम, डॉग स्क्वॉयड और फिंगर प्रिंट विशेषज्ञों ने भी दोनों घटनास्थलों पर तफ्तीश की।
दाढ़ी, टोपी और क्लीनशेव
श्वेता और पूजा ने पुलिस को बताया कि रिवॉल्वर तानने वाले युवक के चेहरे पर दाढ़ी थी और उसने टोपी और सफेद शर्ट पहन रखी थी।उसका साथी क्लीन शेव था और उसने ओरेंज कलर की टी शर्ट पहन रखी थी। दोनों के कपड़े साफ-सुथरे थे। देखने में वे स्टूडेंट लग रहे थे। श्वेता के मुताबिक जब वह मकान पर पहुंची थी, तब गेट के बाहर कोई वाहन नहीं खड़ा था, लेकिन उन्हें बाथरूम में बंद किए जाने के बाद बाइक स्टार्ट होने की आवाज आई थी।
पंद्रह मिनट में वारदात
त्रिलोकचंद जाटव की पत्नी अनिताराज और पुत्री श्वेता के बयान के मुताबिक घर छोड़ने के पंद्रह मिनट बाद ही लुटेरों ने वारदात अंजाम दी। अपराधियों से रू-ब-रू हुई श्वेता ने बताया कि करीब ग्यारह बजे घर से रवाना होने के पंद्रह मिनट बाद ही वह पूजा के साथ मोबाइल लेने वापस घर पहुंची थी।
सलाह पर झल्लाए लोग
घटनास्थल पर जमा हुए कॉलोनी के लोगों की कई बार पुलिसकर्मियों से तकरार हुई। क्रिश्चियन गंज थाने के एएसआइ से लोगों ने नाकाबंदी के बारे में पूछा था। एएसआइ का जवाब था, सूचना मिलते ही नाकाबंदी करवा दी गई है, तभी स्टेशन रोड से आए एक युवक ने नाकाबंदी नहीं होने की जानकारी दी। इस पर लोगों ने थाना प्रभारी राजेन्द्र त्यागी को खरी-खोटी सुनाई। त्यागी ने भी लोगों को चौकीदार रखने की सलाह दे डाली। इस पर क्षेत्रवासियों ने कहा, दिन में चौकीदार रखेंगे तो रात को पूरी टीम तैनात करनी होगी। बाद में सीओ शिल्पा चौधरी ने सतर्कता बढ़ाने का भरोसा दिलाया।
पहले आहूजा कामकान खंगाला
पुलिस के अनुसार दोनों वारदात में एक ही गिरोह का हाथ है। डॉग स्क्वॉयड से पुष्टि हुई है कि अपराधियों ने पहले बैंककर्मी पीएन आहूजा के मकान में वारदात की। खोजी श्वान आहूजा के मकान का मुआयना करने के बाद दौड़कर सीधे जाटव के मकान में घुसा। माना जा रहा है कि आहूजा के मकान में वारदात के दौरान बाहर निगरानी कर रहे लुटेरों के साथियों ने जाटव की पत्नी अनिता और पुत्री श्वेता को मकान के मैनगेट पर ताला लगाकर जाते देख लिया था।
तीसरी जगह नाकाम
पंचशील में दो मकानों से लाखों का माल उड़ाने वाले लुटेरों ने भाजपा नेता एवं राज्य राजस्थान धरोहर संरक्षण एवं प्रोन्नति प्राधिकरण के अध्यक्ष ओंकारसिंह लखावत की पुत्री सरोज के मकान के मैनगेट का भी ताला तोड़ा, लेकिन भीतर के दरवाजे का ताला नहीं तोड़ पाए। शाम को सरोज ने ताला टूटा देख पड़ोसियों को जानकारी दी। सरोज इंजीनियरिंग कॉलेज में लेक्चरर हैं।