इंदौर/सागर. भाजपा की राज्य चुनाव समिति ने खरगोन संसदीय क्षेत्र से पार्टी उम्मीदवार के रूप में कृष्णमुरारी मोघे के नाम का अनुमोदन कर दिया है। इसकी अधिकृत घोषणा केंद्रीय नेतृत्व द्वारा की जाएगी। वहीं सांवेर उपचुनाव के लिए भाजपा उम्मीदवार का फैसला निशा सोनकर तथा संतोष मालवीय के बीच होना है।
यहां अतिम निर्णय के लिए प्रदेश अध्यक्ष नरेंद्रसिंह तोमर को अधिकृत किया गया है। सागर में पार्टी की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के मौके पर हुई चुनाव समिति की बैठक में श्री मोघे के नाम पर सभी एकमत थे।
सांवेर से उम्मीदवार को लेकर दिवंगत विधायक प्रकाश सोनकर की पत्नी निशा सोनकर, हाल ही भाजपा में आए संतोष मालवीय, प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य राजकुमार मेव, भाजपा के नगर उपाध्यक्ष सूरज कैरो, जिला सहकारी बैंक के संचालक परमानंद गेहलोत, परसराम वर्मा, जगमोहन वर्मा व राजेश सोनकर सहित अन्य नामों पर चर्चा हुई।
आखिर में तय हुआ कि यहां से या तो श्रीमती सोनकर या फिर श्री मालवीय को मौका दिया जाए। सूत्रों के मुताबिक सांसद सुमित्रा महाजन की राय श्री मालवीय के पक्ष में थी उनका कहना है कि इस बार किसी स्थानीय व्यक्ति को ही यहां से मौका मिलना चाहिए। मुख्यमंत्री श्रीमती सोनकर के पक्ष में हैं। अब फैसला प्रदेशाध्यक्ष पर छोड़ दिया गया।