HomeNewsMetrosIndore Indore

सांवेर में दिनभर सायरनों से टूटा सन्नाटा

सांवेर/ इंदौर.siren सांवेर में सोमवार को चाय गिरने से उपजे विवाद में दो लोगों की मौत के बाद मंगलवार को भी कफ्यरू जारी रहा। पुलिस ने दोपहर को दूसरे व्यक्ति की मौत की भी पुष्टि कर दी। इसके मद्देनजर कफ्यरू में ढील नहीं दी गई और कड़ी सुरक्षा के बीच अनवर का अंतिम संस्कार किया गया। प्रशासन का कहना है यदि स्थिति सामान्य रही तो बुधवार को कफ्यरू में ढील दी जा सकती है। मामले में अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।

मंगलवार को वहां शांति रही। पास के गांव अजनोद रोड स्थित एक गुमटी में जरूर आगजनी की घटना हुई है लेकिन उसके कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। आईजी राजेंद्रकुमार, एसपी अंशुमान यादव व कलेक्टर विवेक अग्रवाल देर रात तक मौके पर स्थिति का जायजा लेते रहे। सांवेर व आसपास के क्षेत्रों में चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया। पुलिस की चार गाड़ियां लगातार क्षेत्र में गश्त करती रहीं।

लोगों ने मंगलवार सुबह भी घरों के खिड़की-दरवाजे नहीं खोले और टीवी तथा अखबारों के माध्यम से जानकारी लेते रहे। सबसे ज्यादा परेशानी पानी व दूध को लेकर हुई क्योंकि कफ्यरू होने से लोगों के घर दूध नहीं पहुंच पाया। कुछेक क्षेत्रों में जरूर महिलाओं ने परिसर स्थित नलों से पानी भरा।

कुछ युवकों ने बाहर झांकने की कोशिश की तो पुलिस ने उन्हें फटकार लगाई। सुबह ही आरपीएफ की टुकड़ियां बुला ली गईं। उधर, प्रशासन ने दोनों मृतक के परिजन को एक-एक लाख व एक घायल को 50 हजार रुपए की आर्थिक सहायता स्वीकृत की है।

सुरक्षा बल सत्तर्क
पुलिस-प्रशासन सांवेर में हुए गोलीकांड में घायल अनवर नूर मोहम्मद की मौत का खुलासा करने से परहेज करता रहा। दोपहर 1 बजे उसे मृत घोषित किया गया। इससे अरबिंदो हॉस्पिटल में मौजूद परिजन में रोष फैल गया। सुरक्षा के मद्देनजर यहां भी भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया था। इसके बाद कड़ी सुरक्षा के बीच 2 बजे पोस्टमार्टम के लिए शव एमवायएच लाया गया।

एमवायएच में इसके पहले ही आरएएफ के जवान व दंगा निरोधी वाहन वज्र तैनात कर दिया गया था। एडिशनल एसपी मनोज श्रीवास्तव व नवागत महेशचंद्र जैन, एसडीएम के.आर. जैन, सीएसपी इरमिन शाह, पलासिया टीआई दीपक शुक्ला, अरविंद खरे भी वहीं मौजूद थे।

अनवर के परिजन के अलावा नायता पटेल समाज के कुछ लोग भी एमवायएच पहुंचे। तीन डॉक्टरों के पैनल ने पोस्टमार्टम किया जिसकी वीडियोग्राफी कराई गई है। सांवेर के साथ धरमपुरी, के अलावा इंदौर के संवेदनशील क्षेत्रों व बड़नगर में एहतियात बतौर पुलिस बल तैनात कर दिया गया।

पास कम दिए जाने से असंतोष
अनवर की शवयात्रा में शामिल होने के लिए प्रशासन ने पहले केवल 20 पास जारी किए। विरोध के बाद 30 और जारी कर दिए गए। इसे लेकर उसके परिजन में खासा असंतोष था। चाचा नवाब खान ने बताया काफी मशक्कत के बाद प्रशासन ने 50 पास जारी किए।

एमवायएच में मामा नौशाद अली और चचेरे भाई जाकिर खान ने बताया उसका विवाद से कोई लेना-देना ही नहीं था और न ही उसे घटना के बारे में कोई जानकारी थी। वह सांवेर के मैन चौराहे पर सहारा होटल चलाता है। उसके लिए नौकरों को लेने के लिए जा रहा था।

इस बीच धरमपुरी की एक लाल रंग की टाटा सूमो में आए बदमाशों ने उस पर हमला कर दिया। हमने पुलिस को गाड़ी नंबर सहित नामजद शिकायत की है लेकिन अब तक उन पर कोई कार्रवाई नहीं हुई है।

कड़ी सुरक्षा के बीच निकला जनाजा
शाम 5.45 बजे अनवर का शव उसके निवास रावेर लाया गया। इसके मद्देनजर धरमपुरी, सांवेर और रावेर में स्पेशल टास्क फोर्स और आरपीएफ की टुकड़ियां भी तैनात कर दी गई थीं। दिनभर एसपी, कलेक्टर, एडिशनल एसपी मनीष कपूरिया सहित आठ टीआई इस पर नजर रखे हुए थे। जनाजा दो पुलिस वाहनों में निकला। इनमें एक में ताबूत के अलावा कुछ परिजन तथा दूसरे में अन्य लोग थे। रात आठ बजे अंतिम संस्कार पूरा हुआ।

आज छूट दी जा सकती है
कलेक्टर ने संवाददाताओं को बताया हमलावरों की पहचान कर ली गई है। उन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इनमें कुछ स्थानीय तथा शेष आसपास के गांवों के लोग हैं। यदि स्थिति सामान्य बनी रही तो बुधवार को दिन में छूट दी जा सकती है। बुधवार को दोनों समाज के प्रमुख लोगों व शांति समिति की बैठक रखी गई है।

तीन प्रकरण दर्ज
मामले में सांवेर पुलिस ने तीन प्रकरण दर्ज किए हैं। संजय विक्रम पटेल निवासी अजनोद की रिपोर्ट पर शानू, सुल्तान, करामत, शब्बीर, नवाब, वसीम सिद्धिकी, सलीम सभी निवासी सांवेर के खिलाफ मारपीट व दुकान में तोड़फोड़ का मामला दर्ज किया गया है। अकरम शफीखान की रिपोर्ट पर जितेंद्र पटेल निवासी डकाच्या, पवन पटेल, देवेंद्र मोतीलाल, पवन पंवार, सुरेंद्र व कुंदन के खिलाफ अनवर की हत्या का मामला दर्ज किया गया है।

सोमवार को हुई जाकिर की हत्या के मामले में सोनू उर्फ देवेंद्र सरदार, संजय परमार नि. धरमपुरी, ईश्वरसिंह नि. महाराजखेड़ा, शेरू ढोली, महेश भोई, कुंदन भोई, पवर पंवार निवासी सांवेर तथा महेश खाती नि. कुडाना के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। इसके अलावा बलवे के दो प्रकरण दर्ज किए हैं। एक मामले में 22 व दूसरे में 11 आरोपी नामजद तथा 50-60 अन्य शामिल हैं।

दोनों के सिर से निकली गोलियां
इंदौर.

सांवेर विवाद में हुई जाकिर और अनवर की मौत के बाद शार्ट पीएम रिपोर्ट पुलिस को सौंप दी गई है। दोनों के शरीर पर चोट के निशान थे तथा सिर में गोली घंसी पाई गई। फोरेंसिक विभाग के अध्यक्ष डॉ. एसके दादू, डॉ. एनएम हुंडा की टीम ने पीएम किया। इसकी वीडियोग्राफी भी की गई। अस्पताल सूत्रों के मुताबिक डॉक्टरों ने बताया अनवर की मौत भी सोमवार को ही हो गई थी।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: