बीकानेर/नोखा. नोखा के मुंसिफ-न्यायालय में कार्यरत चालानी गार्ड के हैड कांस्टेबल महेन्द्रसिंह की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसका शव क्वार्टर में सीढ़ियों पर पड़ा मिला। नोखा एसएचओ भागलाराम मीणा ने बताया कि हैड कांस्टेबल महेन्द्रसिंह न्यायालय परिसर में बने क्वार्टर में कांस्टेबल सत्यनारायण के साथ रहता था।
सोमवार रात को करीब नो बजे सत्यनारायण दूध पीने गया था और 9.45 पर वापस लौटा तो क्वार्टर का दरवाजा अंदर से बंद था। उसने फोन कर कांस्टेबल विजयसिंह को बुलाया और दीवार फांदकर अंदर से दरवाजा खोला। दोनों पुलिसकर्मी क्वार्टर में गए तो सीढ़ियों के पास महेन्द्रसिंह बेसुध पड़ा था। उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया जहां रात करीब 12.20 बजे उसकी मौत हो गई। महेन्द्रसिंह के शरीर पर किसी भी तरह की चोट या घाव के निशान नजर नहीं आ रहे थे। मंगलवार को उसके शव का पोस्टमार्टम करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
एएसपी अनिल कुमार टाक ने भी मौका मुआयना किया और मामले की जानकारी ली। पुलिस ने मर्ग दर्ज कर जांच शुरू की है। हैड कांस्टेबल की मौत का कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगा।