News
Madhya Pradesh
Gwalior Gwalior ग्वालियर. केप्टन रूप सिंह स्टेडियम में स्टैंड की पटिया टूटने के बाद मंगलवार को लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता वैदेही शरण शर्मा ने स्टेडियम का जायजा लिया। श्री शर्मा ने अपनी रिपोर्ट जीडीसीए को दे दी है।
श्री शर्मा ने अपनी रिपोर्ट में कहा है कि स्टेडियम का जिस तरह का स्ट्रक्चर है, उसकी स्ट्रैंथ के बारे में स्पष्ट रूप से कुछ भी नहीं कहा जा सकता। स्टेडियम, पत्थर की दीवारों पर कट स्टोन से बनाया गया है। इन दीवारों पर स्टैंड के लिए जो पत्थर लगाए गए हैं उनका स्पान दस से बारह फुट है जबकि पत्थर की मोटाई कम है। ऐसी स्थिति में स्टैंड ज्यादा दर्शकों का भार नहीं सह सकता।
रिपोर्ट में इस बात का भी उल्लेख किया है कि स्टेडियम लगभग चालीस साल पुराना हो चला है और इसके स्टैंड पर लगी पटियों के क्रेक्स को तलाशने की कोई व्यवस्था नहीं है।
श्री शर्मा ने कहा कि उन्होंने जीडीसीए को सलाह दी है कि पटियों से बने स्टैंड्स की स्ट्रैंथ बढ़ाने के लिए उनके नीचे पटियों के बीच में दीवारों का निर्माण कराएं जिससे पटियों का स्पान कम हो सके। हालांकि एक दिन में दीवारें बनाई जाना संभव नहीं होने की वजह से लोहे के बार या लकड़ियों की बल्ली लगाई जा सकती हैं।
मुरैना के सांसद अशोक अर्गल ने भी गैलरियों में लगे पटियों की मजबूती को लेकर चिन्ता व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को पत्र भेजा है। इसमें दर्शकों की सुरक्षा को लेकर स्टेडियम की उच्च स्तरीय जांच का अनुरोध किया है।
उधर पुलिस ने भी इस मामले से पल्ला झाड़ लिया है। क्षेत्र के नगर पुलिस अधीक्षक ने पुलिस अधीक्षक व कलेक्टर को स्टेडियम की गैलरियों को लेकर रिपोर्ट प्रस्तुत की है। इसमें उन्होंने कहा है कि जीडीसीए यह सुनिश्चित कर ले कि गैलरियों के कमजोर हिस्सों में दर्शक न पहुंचने पाएं।