News
Chhattisgarh
Bilaspur Bilaspur बिलासपुर. बिलासपुर स्टेशन में मंगलवार पूरे दिन भर बेटिकटों के खिलाफ पूरे जोर-शोर से अभियान चला। स्टेशन में तफरी करने वाले व बिना टिकट ट्रेनों में चलने वाले गिड़गिड़ाते नजर आए। बिलासपुर स्टेशन में मंगलवार सुबह पांच बजे से बेटिकटों के खिलाफ अचानक चेकिंग अभियान चालू किया। सुबह से बड़ी संख्या में आरपीएफ के जवान व टीटी पूरे स्टेशन परिसर में झोंक दिए गए थे।
बेटिकटों के पकड़े जाने का दौर भी इसके साथ ही प्रारंभ हो गया। बिना कारण स्टेशन तफरी करने पहुंचने वालों पर भी जमकर गाज गिरी। स्टेशन में यात्रियों के साथ दादागिरी कर रहा एक युवक भी इस जांच में अधिकारियों के हत्थे चढ़ा। उसके खिलाफ 1500 रुपए का जुर्माना ठोंका गया। यह अभियान सुबह 5 बजे से 10 बजे तक व दोपहर बाद 4 बजे से रात 9 बजे तक चला।
इस दौरान स्टेशन के चप्पे-चप्पे पर आरपीएफ के जवान नजर आ रहे थे। बड़ी संख्या में स्टेशन में पुलिस जवानों के मौजूदगी देखकर यात्री भी हैरान थे। वहीं पकड़े जाने के बाद गिड़गिड़ाते बेटिकट यात्रियों का नजारा आम था। कई बेटिकट नजर बचाकर भागने का प्रयास भी करते रहे।
इसमें कई को सफलता मिली तो कई सपेड़े में भी आ गए। आज का यह अभियान बिलासपुर स्टेशन से छुटने वाली ट्रेन व प्लेटफार्म में चला। अधिकारिक सूत्रों के मुताबिक रेल कर्मियों के छुट्टियों से वापस आने के बाद टिकिट चेकिंग अभियान प्रारंभ कर दिया गया है।
यह अभियान पूरे बिलासपुर मंडल में अलग-अलग स्टेशनों में अलग-अलग तारीखों में जारी रहेगा। आज हुई जांच के आंकड़े उपलब्ध करा पाने में अधिकारियों ने असमर्थता व्यक्त की है और कहा कि यह आंकड़े बुधवार को ही उपलब्ध कराएं जा सकेंगे।
बंहुआ पार्सल द गेट
कटनी प्लेटफार्म के किनारे बना पार्सल गेट बेटिकटों के भागने के लिए सबसे अच्छा व सुलभ रास्ता बन गया था। वहीं दैनिक यात्री इस गेट के समीप अपने वाहन खड़ा कर ट्रेनों में सफर के लिए निकल जाया करते हैं।
इन स्थितियों को देखते हुए अधिकारियों ने इस गेट को स्थाई तौर पर बंद करने के आदेश दे दिए गए हैं। पिछले तीन दिन से यह गेट बंद है। और अभी गेट टूटा होने के कारण इसे ठेले लगाकर रास्ता रोका गया है। आने वाले दो-चार दिन में इस गेट को भी सुधार लेने के आदेश दे दिए गए हैं।