हिसार.
इंटरनेट पर दिल मिला और लंदन की 40 वर्षीय मार्था हेलन बक्सटर हिसार के 22 वर्षीय कुलदीप के साथ परिणय सूत्र में बंध गई। इन दोनों ने मंगलवार को यहां जिला उपायुक्त की कोर्ट में शादी कर ली। कुलदीप हिसार के औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक फैक्ट्री में और मार्था लंदन की एक निजी कंपनी में कार्यरत है। जिंदल कॉलोनी निवासी रामप्रताप का पुत्र कुलदीप एक साल पहले इंटरनेट पर चैटिंग कर रहा था।
इस दौरान उसकी बातचीत लंदन निवासी थोमस मेथ्यू बक्सटर की 40 वर्षीय पुत्री मार्था हेलन बक्सटर से हो गई। दोनों को एक-दूसरे की बातें अच्छी लगी और फिर दोनों में बातचीत का सिलसिला शुरू हो गया। दोनों सात समंदर पार होते हुए भी दिलों से एक-दूसरे के करीब आ गए। फिर तो शायद ही कोई ऐसा दिन गुजरा हो जब उन्होंने इंटरनेट या फोन पर बातचीत न की हो। धीरे-धीरे दोनों को लगने लगा कि वे एक-दूसरे के बिना अधूरे हैं और उन्होंने नस्लीय भेदभाव को नकारते हुए एक-दूसरे को जीवन साथी बनाने का फैसला कर डाला।
मार्था हेलन बक्सटर पिछले दिनों कुलदीप के प्यार में खींची लंदन से हिसार चली आई और फिर दोनों ने एकराय होकर अधिवक्ता नीलम तरड़ के माध्यम से जिला उपायुक्त एवं विवाह अधिकारी दीप्ति उमाशंकर की कोर्ट में स्पेशल मैरिज एक्ट-1954 के तहत कोर्ट मैरिज की दरख्वास्त लगा दी।
इस दरख्वास्त पर कोई भी आपत्ति न मिलने पर मंगलवार को प्रेमी युगल तीन गवाहों की मौजूदगी में उपायुक्त की कोर्ट में परिणय सूत्र में बंध गए। अधिवक्ता नीलम तरड़ ने बताया कि दोनों ने स्वेच्छा से एक-दूसरे को जीवन साथी चुना है और वे प्रसन्नचित हैं।