पुणे.
बॉलीवुड की ‘बबली’, यानी रानी मुखर्जी शिर्डी के समीप एक गांव में कृषि भूमि की खरीद के एक मामले में फंस गई हैं। अहमदनगर के जिला कलेक्टर उमाकांत डांगट ने बुधवार को मामले की जांच के आदेश दिए हैं।
जिले के सब डिवीजनल अधिकारी ने विवादित जमीन के संबंध में रानी को नोटिस भेजा है। अभिनेत्री का कहना है कि उन्होंने मुंबई से करीब 400 किमी दूर निंबा कोरचाली गांव में स्थित यह जमीन संपत मोरे नामक एजेंट से खरीदी थी।
डांगट ने बताया कि रानी मुखर्जी के पिता कुछ दिनों पहले भूमि की रजिस्ट्री कराने आए थे, जहां उन्हें यह पता चला कि जमीन कृषि कार्र्यो के लिए पहले से ही आवंटित है। डांगट ने कहा, ‘जमीन खरीदने से पहले इन बातों की पूरी पड़ताल कर लेनी चाहिए थी।’
करीब एक चौथाई एकड़ की यह जमीन लगभग 33 लाख रुपए की बताई जाती है। सब डिवीजनल अधिकारी संबंधित पक्षों के रिकार्ड की जांच के बाद इस मामले में आदेश जारी करेंगे।