भारत चौथा मैच जीत कर सीरीज अपने नाम करने का प्रयास करेगा। ग्वालियर में हमारे खिलाड़ियों का प्रयास होगा कि वे जीत कर बराबरी हासिल करें, ताकि अंतिम मैच का रोमांच कायम रहे। रूप सिंह की पिच बल्लेबाजों के लिए सहायक साबित होगी। नई गेंद से गेंदबाजी करते हुए जिस टीम के तेज गेंदबाज दो या तीन महत्वपूर्ण विकेट हथियाने में सफल होंगे वह टीम फायदे की स्थिति में रहेगी।
सलमान बट की कोशिश होगी कि वह अपनी अच्छी फॉर्म जारी रखे तथा अपनी टीम को ठोस शुरुआत दे। ऑफ साइड की ओर लगाए गए उसके कुछ पावरफुल शॉट्स देखने लायक थे।
कानपुर मैच की सबसे संतोषजनक बात तनवीर की गेंदबाजी थी। उसने रनों की गति पर अंकुश लगाए रखने के साथ सचिन व गांगुली के महत्वपूर्ण विकेट लिए। वह एक अच्छा ऑल राउंडर है, यद्यपि कानपुर में उसे बल्लेबाजी का अवसर प्राप्त नहीं हुआ।
बट की तरह वह टीम के लिए बहुत उपयोगी खिलाड़ी साबित हो सकता है। इस समय पाकिस्तान टीम में अनुभवी व युवा खिलाड़ियों का अच्छा मिश्रण है।