Breaking News 
bhaskar Web English


HomeNewsMetrosIndore Indore

पांच वारदातें अंधेरे में, छठी दिनदहाड़े

इंदौर. एरोड्रम रोड पर रामचंद्रनगर एक्सटेंशन व हुकमचंद कॉलोनी में मंगलवार-बुधवार रात चोरों ने पांच मकानों पर धावा बोला जबकि छठे मकान को दिनदहाड़े निशाना बनाया। दो मकानों में चोर खिड़की की ग्रिल निकालकर घुसे और सो रहे लोगों को कमरों में ही बंद कर दिया। दो घंटों में ही 15 लाख से ज्यादा के जेवरात व नकदी ले गए। रिपोर्ट लिखने में लेतलाली से नाराज लोगों ने चक्काजाम भी किया।

बदमाश सबसे पहले रात दो बजे चार्टर्ड अकाउंटेंट गिरधर शंकरलाल गर्ग के घर में घुसे। वे चढ़ाव से पहली मंजिल पहुंचे और खिड़की की ग्रिल निकालकर अंदर घुसे। गिरधर गर्ग और उनके भाई राकेश के बेडरूम का दरवाजा बंद किया और पास के कमरे में आलमारी का सामान उथल-पुथल किया। फिर नीचे उतरकर बुजुर्ग मुन्नी गर्ग को बेडरूम में बंद किया और गेस्ट रूम में दो अलमारियों के लॉकर तोड़कर नकदी व जेवरात बटोरे।

फिर स्टोर रूम की अलमारियों के लॉकर तोड़कर भगवान की सोने-चांदी की मूर्तियां, बर्तन, जेवरात व नकदी निकाली। आहट सुनकर श्रीमती गर्ग ने शोर मचाया तब तक बदमाश ड्राइंग रूम से स्कूटर, कमरे व गेट की चाबियां लेकर भाग निकले। श्री गिरधर के मुताबिक बदमाश तीन थे।

वे 60 तोला सोने व तीन किलो चांदी के जेवरात सहित 12 लाख का माल ले गए। उन्होंने वैभव सिंघल के घर खिड़की की ग्रिल काटने की कोशिश की पर परिवार के जागने पर भाग निकले।

इसी कॉलोनी में राजेंद्र सेठी के घर में भी बदमाश खिड़की की ग्रिल उखाड़कर घुसे और एक माला उठाई ही थी कि परिजन जाग गए। तब वे दरवाजा खोलकर भाग निकले। पड़ोसी प्रकाशचंद जैन के घर भी चैनल गेट खोला और दरवाजे की जाली काटकर अंदर की चिटकनी खोलकर बदमाश घुसे। तभी श्री जैन व उनकी पत्नी शकुंतला जैन जाग गए।

उनका सामना औजार लिए खड़े 3 बदमाशों से हुआ जिन्होंने धमकाते हुए कहा आवाज निकाली तो अंजाम अच्छा नहीं होगा। तब जैन दंपति ने कहा जो चाहो सामान ले लो पर मारो मत। जाने से पहले उनके साथ मारपीट की। अलमारी में कुछ नहीं मिला तो श्री जैन की पैंट की जेब से पांच सौ रु. ले भागे।

नशीला पदार्थ सुंघाया, पत्थरों से हमला
इसी से लगी हुकुमचंद कॉलोनी निवासी तम्बाकू व्यवसायी राजेश चौरसिया के यहां भी रात 3 बजे वारदात हुई। बदमाशों ने उनके भाई संजय के कमरे की खिड़की से हाथ डालकर मुख्य दरवाजा खोला। अंदर घुसकर संजय व उनकी पत्नी सुशीला को कुछ सुंघाया और वहीं रखी अलमारी से सोने का हार व घर में रखे 21 हजार रुपए ले लिए।

इसके बाद आलमारी खोली तो सुशीला की नींद खुल गई। उनके शोर मचाने पर अन्य परिजन बाहर आए। उन्होंने देखा एक बदमाश बाइक पर बाहर खड़ा है और दो उसी बाइक से भागने लगे। लोगों ने पीछा किया तो कुछ दूर नाले के पास पहुंचकर पथराव करने लगे। लोगों ने जवाबी पथराव किया तो पैदल भाग निकले।

दिनदहाड़े हो गई वारदात
सुबह 10 बजे एफएसएल टीम के डॉ. सुधीर शर्मा व सीएसपी बी.जे. सालुंके श्री गर्ग के यहां पहुंचे। अधिकारी जायजा ले ही रहे थे कि कुछ ही दूर राधाकृष्ण कॉम्प्लेक्स निवासी एलआईसी एजेंट विनीत अग्रवाल के घर चोरी हो गई।

श्री अग्रवाल 10 बजे ऑफिस चले गए थे। 11.20 बजे उनकी पत्नी नीलम बेटे को स्कूल बस के स्टॉप पर छोड़ने गई थीं। 20 मिनट बाद लौटीं तो दरवाजा खुला था। अंदर जाकर देखा अलमारी से जेवरात सहित एक लाख से ज्यादा का माल चोरी हो चुका था।

सात श्वान हुए शिकार
पास ही आराधनानगर में सात श्वानों की संदिग्ध मौत हो गई और तीन की हालत खराब है। आशंका है बदमाशों ने जहर देकर वारदात की कोशिश की होगी।

नाराज लोगों का चक्काजाम
एकसाथ पांच वारदातों के चलते दोनों कॉलोनी के लोग गश्ती दल पर बिफर पड़े। उनका आरोप था पुलिस समय रहते घेराबंदी करती तो बदमाश पकड़े जाते। सुबह श्री गर्ग थाने पहुंचे तो पुलिसकर्मियों ने कह दिया अभी कम्प्यूटर ऑपरेटर नहीं है।

रिपोर्ट 9 बजे बाद ही दर्ज होगी। सुबह 7 से 8 बजे बिजली गुल होने से रिपोर्ट नहीं लिखी जा सकी। बिजली आने के बाद भी पुलिसकर्मियों व गर्ग परिवार के लोगों में जोरदार बहस हुई। तब पुलिसकर्मियों ने खिल्ली उड़ाते हुए कहा चोरी तो अमीरों के यहां ही होती है। इस पर लोगों ने चक्काजाम कर दिया।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: