|
News
Chhattisgarh
Raipur Raipur भिलाई. स्टेशन मरोदा के शासकीय स्कूल परिसर में नाबालिग बालिका से गैंग रेप के पांच आरोपियों में से चार को नेवई पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी बालिका के ही मुहल्ले के करीब रहते हैं।
आरोपी स्टेशन मरोदा निवासी अमर गुप्ता उर्फ बिल्लू वल्द सूरजभान गुप्ता (18), अबारत अंसारी उर्फ लल्लू वल्द सुलेमान भंडारी (18), जैकी देवार वल्द दीपक देवार (20), ओमप्रकाश उर्फ बंटू वल्द मन्नूलाल देवांगन और अशोक गोंड है। अशोक गोंड फरार हैं।
आरोपियों का जुलूस निकाला
रेप के चारों आरोपियों को लेकर पुलिस ने जुलूस निकाला। नंगे बदन आरोपी आगे-आगे और पुलिस हाथ में डंडा लिए पीछे-पीछे चल रही थी। स्टेशन मरोदा के विजय चौक, हनुमान मंदिर के पास, बीआरपी चौक, टंकी मरोदा आदि इलाके में आरोपियों को घुमाया गया। इस दौरान मुहल्ले की महिलाएं, पुरुष व बच्चों के चेहरे सख्त दिखाई दे रहे थे। लोग आरोपियों की इस दरिंदगी पर थू-थू कर रहे थे।
पुलिस ने शाम आरोपियों के हौसले पस्त करने सिविक सेंटर में भी उन्हें घुमाया। गौरतलब है कि बालिका के पिता भिक्षुक हैं और आरोपी उन्हें रिपोर्ट नहीं करने तीन दिन तक डराते-धमकाते रहे। जनप्रतिनिधियों के सामने आने के बाद ही पीड़ित बालिका व पिता ने रिपोर्ट करने की हिम्मत जुटाई।
निर्माणाधीन नाइट शेल्टर भवन में दुष्कृत्य
घटना स्थल का पुलिस ने आज मुआयना किया। स्टेशन मरोदा के शासकीय स्कूल परिसर में नाइट सेल्टर निर्माणाधीन भवन का दुष्कृत्य के लिए इस्तेमाल किया गया। यहां खिड़की-दरवाजे नहीं लग पाए हैं। पुलिस ने यहां आरोपियों को ले जाकर तथ्य जुटाए।
शिक्षक की पिटाई
नेवई थाने में लाकअप में बंद आरोपियों को बरगलाते हुए एक शिक्षक को पुलिस की पिटाई सहनी पड़ी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक शिक्षक उस नाइट सेल्टर स्कूल का प्रभारी है जहां बालिका हवस का शिकार हुई थी।
पैंतरे बदल रहे थे आरोपी
पुलिस के समक्ष आरोपियों ने आज जमकर नाटक किया। वे अपना बयान बार-बार बदल रहे थे। मीडिया कर्मी जब आरोपियों को कैमरे में शूट कर रहे थे तो वे आरोप से इनकार करने लगे। जब पुलिस ने डाक्टरी मुलाहिजा और रिपोर्ट का हवाला देकर उन्हें सख्ती की तब उन्होंने जुर्म कबूल किया।