|
जोधपुर. राजमाता स्कूल के सामने खाली भूखंड में उगी झाड़ियों के बीच एक पेड़ पर युवक का शव लटका हुआ मिला। यह युवक दीपावली की रात से लापता था।
घरवालों को उसकी हत्या करने का शक है वहीं घुटने जमीन तक होने के कारण पुलिस को भी मामला संदिग्ध लग रहा है। मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराने पर ही मामला साफ हो पाएगा।
डीएसपी नारायण सिंह राजपुरोहित ने बताया कि राइकाबाग क्षेत्र में राजमाता स्कूल के सामने बुधवार शाम एक युवक का शव लटका होने की सूचना मिली थी। पूरी रोड पर जबरदस्त दुर्गंध फैली हुई थी, लोगों ने उत्सुकतावश वहां देखा तो शव जाल के पेड़ से लटका हुआ मिला। इत्तला मिलते ही वे एएसपी सवाईसिंह गोदारा व थानाधिकारी दिनेशकुमार के साथ मौके पर पहुंचे। युवक के गले में बेल्ट से फंदा लगा हुआ था और उसके घुटने भी जमीन से थोड़े ही ऊपर थे।
थोड़ी देर में मृतक की शिनाख्त उसी इलाके में रहने वाले रामस्वरूप पुत्र जवाहरलाल के रूप में हो गई। उसके भाई ने बताया कि वह दीपावली की रात 9 बजे घर से निकला था। वे लोग उसकी तलाश कर रहे थे, मगर पुलिस थाने में गुमशुगदी दर्ज नहीं कराई। घरवालों ने उसकी हत्या का शक जाहिर किया है। कुछ दिन पहले ही उसका अन्य लड़कों से झगड़ा हुआ था। शव पुराना होने के कारण शरीर पर चोटों के निशान नजर नहीं आए। पुलिस ने शव मोर्चरी में रखवा दिया है। गुरुवार को मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
तीन दिन से वृद्ध की शिनाख्त नहीं
एमजीएच के इमरजेंसी वार्ड की चौखट पर दम तोड़ने वाले वृद्ध की तीन दिन से शिनाख्त नहीं हुई है। टैक्सी चालक उसे वहां छोड़ गया था। पूछताछ में पता चला कि वह रेलवे स्टेशन के बाहर होटलों पर छोटा-मोटा काम करता था। उसका नाम अशोक सिंधी था और वह जयपुर का रहने वाला था। लोगों को उसके घरवालों का पता नहीं था। पुलिस उसके परिजनों का पता लगा रही है।