Breaking News 
bhaskar Web English


HomeNewsMetrosBhopal Bhopal

सीएम पर आरोप, कोर्ट ने दिए जांच आदेश

भोपाल. cm राजधानी की एक विशेष अदालत ने बहुचर्चित डंपर खरीदी मामले में लोकायुक्त पुलिस को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, उनकी पत्नी साधना सिंह, जेपी एसोसिएट्स के डायरेक्टर सन्नी गौर सहित प्रमुख सचिव खनिज और आरटीओ रीवा के खिलाफ जांच करने के आदेश दिए हैं। इस मसले पर कांग्रेस ने मुख्यमंत्री के इस्तीफे की मांग की है।

विशेष न्यायाधीश आरके भावे ने इटारसी निवासी रमेश के साहू द्वारा प्रस्तुत एक निजी इस्तगासे पर सुनवाई के बाद उक्त आदेश दिया। इस्तगासे में कहा गया कि मुख्यमंत्री और उनकी पत्नी ने जेपी एसोसिएट्स को अनेक तरह के लाभ पहुंचाए और उनकी गारंटी पर डंपर खरीद कर किराए पर जेपी ग्रुप मे लगाए।

श्रीमती सिंह ने इसके लिए अपना जेपी नगर प्लांट, रीवा का फर्जी पता दिया। इस्तगासे में नेता प्रतिपक्ष जमुना देवी को गवाह बनाया गया है। इसमें जेपी एसोसिएट्स के डायरेक्टर, प्रमुख सचिव खनिज और रीवा के आरटीओ सहित कुछ और अधिकारियों को भी आरोपी बनाया गया है।

इस्तगासे में यह भी कहा गया कि इस संबंध में गत 29 अक्टूबर को लोकायुक्त पुलिस में शिकायत की गई थी, किंतु उसने इसमें रुचि नहीं दिखाई। सुनवाई के बाद बुधवार को अदालत ने आदेश दिया कि इस्तगासे की कापी लोकायुक्त के एसपी को इस निर्देश के साथ भेजी जाए कि वे मामले की जांच कर अगली पेशी (14 दिसंबर) पर इसकी रिपोर्ट पेश करें।

इस्तीफा मांगा
कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव दिग्विजयसिंह ने अदालत के आदेश के बाद मुख्यमंत्री श्री चौहान के इस्तीफे की मांग की है। बुधवार को नेता प्रतिपक्ष जमुना देवी के आवास पर पत्रकारों से चर्चा में श्री सिंह ने कहा कि यदि मुख्यमंत्री इस्तीफा नहीं देते हैं तो प्रदेश भर में उनके साथ-साथ राज्य मंत्रिमंडल के सदस्यों का घेराव किया जाएगा।

उन्होंने दावा किया कि मुख्यमंत्री ने चार नहीं बल्कि 37 डंपर खरीदे हैं। श्री सिंह का कहना था कि श्री चौहान को हटाए बगैर की गई जांच निष्पक्ष नहीं रह पाएगी। श्री सिंह ने आज ही इस मसले पर राज्यपाल डा. बलराम जाखड़ से फोन पर चर्चा की और मामले से जुड़े कागजात उनके पास भेज दिए। कांग्रेस सीएम के इस्तीफे की मांग को लेकर गुरूवार को जमुना देवी के नेतृत्व में रोशनपुरा चौराहे से रैली निकालेगी।

पालन होगा
भास्कर से फोन पर चर्चा में लोकायुक्त जस्टिस रिपुसूदन दयाल ने कहा कि अदालत के आदेश का पालन होगा। वे इस सवाल को टाल गए कि जांच के लिए एफआईआर या प्राथमिकी दर्ज की जाएगी अथवा यह साधारण जांच ही होगी? >> मैंने अभी तक आदेश नहीं देखा है। उसकी कॉपी देखने और गहराई से अध्ययन करने के बाद ही इस पर कुछ बोलना संभव होगा। ’’
-शिवराजसिंह चौहान , मुख्यमंत्री

सीएम को इस्तीफा देने की जरूरत नहीं-तोमर
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष नरेंद्रसिंह तोमर ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से जुड़े अदालती निर्देश पर कांग्रेस के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री को इस्तीफा देने की जरुरत नहीं है और पार्टी उनके नेतृत्व में ही अगला विधानसभा चुनाव लड़ेगी।

बुधवार रात अपने निवास पर जल्दी में बुलाई गई पत्रकार वार्ता में श्री तोमर ने कहा कि कांग्रेस मुख्यमंत्री की बढ़ती लोकप्रियता से बौखला कर ऐसे मामले को जिंदा रखने की कोशिश कर रही है जिसे सुप्रीम कोर्ट अस्वीकृत कर चुका है।

उन्होने कहा कि जब कांग्रेस एक बार इस मामले की लोकायुक्त से शिकायत कर चुकी थी तो उसे लोकायुक्त पर भरोसा करते हुए उसकी जांच रिपोर्ट का इंतजार करना चाहिए। उन्होंने सवालों की बौछारों के बीच साफ किया कि श्री चौहान मुख्यमंत्री बने रहेंग।

उन्होंने कांग्रेस को चुनौती दी कि यदि यदि उसमें साहस है तो वह मैदान में आकर जनता से जुड़े मुद्दों पर संघर्ष करे, भाजपा उसका जवाब देगी। श्री तोमर ने पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजयसिंह के इस आरोप को भी गलत बताया कि श्री चौहान के परिवार जनों के पास 37 डम्पर हैं।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: