Manoranjan
Movie Masala Movie Masala अभी इस दीपावली पर प्रदर्शन को लेकर टकराईं दो बड़ी फिल्मों क्रमश: शाहरुख खान की फिल्म ‘ओम शांति ओम’ और संजय लीला भंसाली की फिल्म ‘सावरियां’ की धमक
फीकी भी नहीं पड़ी थी कि इंडस्ट्री एक और टकराव की साक्षी बनने जा रही है। यह टकराव इंडस्ट्री की मानें तो वर्षो बाद बड़े दिन यानी क्रिसमस को होगा और त्रिकोणीय मुकाबले में आमने सामने होंगी साजिद ए नाडियाडवाला की फिल्म ‘वेलकम’, राजकुमार संतोषी की फिल्म ‘हल्ला बोल’ और आमिर खान की फिल्म ‘तारे जमीं पर।’ फिलवक्त ये तीनों फिल्में 21 दिसंबर को पड़ रहे शुक्रवार को ही प्रदर्शित होने जा रही हैं।
इस टकराव की खास बात यही है कि वर्षो बाद क्रिसमस इसका साक्षी बनेगा। अन्यथा दीपावली-ईद ही बड़ी फिल्मों के टकराव का सबब बनती थी। सूत्रों के मुताबिक क्रिसमस के ऐन पहले पड़ रहे शुक्रवार-शनिवार के अलावा रविवार, सोमवार और मंगलवार को पड़ रही क्रिसमस की छुट्टियां एक प्रमुख कारण हैं। यह टकराव इसलिए भी रोचक होगा, कि प्रदर्शन को तैयार तीनों फिल्में न सिर्फ बड़ी स्टार कास्ट वाली हैं, बल्कि इनके जरिये पहली बार इनके वितरण से जुड़े तीन कारपोरेट हाउसेज टकराएंगे।
हालांकि इन बड़ी फिल्मों के टकराव को लेकर ट्रेड विश्लेषक कोमल नाहटा नकारात्मक प्रतिक्रिया देते हैं। वह कहते हैं, ‘तीन बड़ी फिल्मों का आना गलत है। अगर दो न भी हटें तो कम से एक फिल्म को तो उस शुक्रवार से हट ही जाना चाहिए। इनका एक साथ प्रदर्शन शत-प्रतिशत एक-दूसरे का कलैक्शन काटेगा, जो किसी सूरत में नहीं होना चाहिए।’