News
Chhattisgarh
Raipur Raipur रायपुर. राज्य के दो प्रमुख जिलों रायपुर और दुर्ग में भी एसएसपी सिस्टम खत्म करते हुए शासन ने वहां पदस्थ डीआईजी वापस बुला लिए। रायपुर एसएसपी बीएस मरावी को पुलिस मुख्यालय में पदस्थ किया गया है। दुर्ग एसएसपी राजेश मिश्रा खेल विभाग के संचालक बनाकर राजधानी लाए गए।
श्री मरावी की जगह अमित कुमार रायपुर एसपी होंगे। श्री कुमार का आईपीएस प्रोबेशन भी रायपुर जिले में हुआ था। रायपुर में ही प्रोबेशनर रहे तथा रायगढ़ के मौजूदा एसपी दीपांशु काबरा को दुर्ग का एसपी बनाया गया है। कबीरधाम के एसपी डा. आनंद छाबड़ा महासमुंद के नए एसपी होंगे।
गृह सचिव संजय पिल्लै के पास खेल विभाग के संचालक का अतिरिक्त कार्यभार था, जिससे वे अब मुक्त हो जाएंगे। अमित कुमार के स्थान पर कांकेर एसपी वीके चौबे को राजनांदगांव भेजा गया है। दो साल पहले आईपीएस हुए श्री चौबे को कार्यक्षमता की वजह से महत्वपूर्ण जिला दिया गया। उनकी जगह बीजापुर एसपी रतनलाल डांगी कांकेर एसपी होंगे। डा. छाबड़ा की जगह पी सुंदरराज अब कबीरधाम एसपी होंगे।
श्री सुंदरराज की जगह दंतेवाड़ा के एएसपी अजय यादव को नारायणपुर का एसपी बनाया गया है। महासमुंद के एसपी जेके थोराट रायगढ़ एसपी बनाए गए हैं। बीजापुर के सहायक पुलिस अधीक्षक अंकित गर्ग को पदोन्नत कर बीजापुर का ही एसपी बनाया गया है। वहां श्री डांगी एसपी थे, जिन्हें कांकेर में इसी पद पर भेजा गया।
मामूली संशोधन भी
कबीरधाम एसपी डा. आनंद छाबड़ा का नाम रायगढ़ एसपी के लिए प्रस्तावित था। बताते हैं कि यह फाइनल भी हो गया था, लेकिन ऐन वक्त पर संशोधन किया गया। सूत्रों के अनुसार डा. छाबड़ा के रायगढ़ नहीं जाने की इच्छा जताने की वजह से आखिरी वक्त पर महासमुंद एसपी श्री थोराट को रायगढ़ भेजा गया। उनकी जगह डा. छाबड़ा महासमुंद लाए गए।
एक और सूची जल्द
सूची जारी होने के फौरन बाद कुछ और जिलों के एसपी बदले जाने की चर्चा तेज हो गई। बताते हैं कि प्रस्तावित दूसरे फेरबदल में कम से कम दो जिले प्रभावित होंगे, जो रायपुर रेंज के नहीं हैं। इसके अलावा, एएसपी और डीएसपी की नए सिरे से पदस्थापना पर विचार चल रहा है। सूत्रों के मुताबिक यह फेरबदल बड़े पैमाने पर किया जा सकता है। इसे भी चुनावी कवायद का हिस्सा माना जा रहा है।
अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (सीआईडी, रेलवे) एसके पासवान को डीजी जेल और होमगार्ड बनाया गया है। उन्हें राजीव माथुर के स्थान पर यह जिम्मेदारी दी गई है। श्री पासवान कुछ दिन तक राज्य के प्रभारी पुलिस महानिदेशक भी रह चुके हैं।
श्री माथुर को रेलवे सुरक्षा बल के अतिरिक्त महानिदेशक के पद पर प्रतिनियुक्ति पर जाने के लिए आज राज्य शासन ने रिलीव कर दिया। श्री पासवान को डीजी जेल बनाने के साथ ही गुप्त वार्ता औरनक्सल विरोधी अभियान के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक एके श्रीवास्तव को सीआईडी रेलवे का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।
सूत्रों का कहना है कि श्री पासवान के जाने के बाद पुलिस मुख्यालय में एडीजी रैंक के अफसरों के काम का नए सिरे से बंटवारा हो सकता है। इसमें वरिष्ठ आईपीएस तथा पूर्व जेल डीजी अनिल एम नवानी को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है।